अमेठी में मतदाता सूची से 200 से ज्यादा नाम कटे, ग्रामीणों ने तहसील में किया प्रदर्शन

अमेठी में मतदाता सूची से 200 से अधिक नाम हटाए गए, ग्रामीणों ने तहसील में विरोध प्रदर्शन किया और शिकायत दर्ज कराई। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

Mar 23, 2026 - 16:34
 0
अमेठी में मतदाता सूची से 200 से ज्यादा नाम कटे, ग्रामीणों ने तहसील में किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भेंटुआ विकास खंड के मई गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को अमेठी तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी सूचना के उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जिससे वे अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो गए हैं। आक्रोशित लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप, बिना सूचना काटे गए नाम
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 200 से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इस अचानक हुई कार्रवाई से गांव में नाराजगी का माहौल है। लोगों का आरोप है कि उन्हें न तो पहले कोई सूचना दी गई और न ही कारण बताया गया। इससे वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

बीएलओ पर लगे गंभीर आरोप
गांव के लोगों ने इस मामले में संबंधित बीएलओ ठाकुर प्रसाद पाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 19 वर्षीय प्रिया तिवारी ने कहा कि “हमसे हमारा मतदान का अधिकार छीना जा रहा है। बीएलओ ने गांव के दो सौ से ज्यादा लोगों के नाम काट दिए हैं।” वहीं पूनम तिवारी ने बताया कि बीएलओ उनके घर आकर आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज ले गए थे, इसके बावजूद भी उनका नाम सूची से हटा दिया गया।

प्रधान पद प्रत्याशी ने भी उठाए सवाल
मई गांव के प्रधान पद प्रत्याशी हिमांशु गुप्ता ने भी इस मामले को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ पहले से ही नाम काटने की बात कर रहे थे और अब सैकड़ों लोगों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इससे गांव के लोगों में काफी असंतोष है।

प्रशासन ने जांच के दिए आदेश
इस पूरे मामले पर उपजिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों को न्याय मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।