अमेठी के पशु चिकित्सालय परिसर में जर्जर भवन में लगी आग, दमकल टीम ने पाया काबू
अमेठी पशु चिकित्सालय की एक जर्जर इमारत में आग लग गई, जिसे दमकल कर्मियों ने तुरंत बुझा दिया।
अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर में एक जर्जर भवन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना आज दोपहर की है, जब अज्ञात कारणों से भवन के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जर्जर भवन में अचानक लगी आग
घटना संग्रामपुर क्षेत्र के कालिकन ब्लॉक मुख्यालय के उत्तर दिशा में स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय परिसर की है। यहां एक पुराने और जर्जर भवन में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे अज्ञात कारणों से लगी आग बताया जा रहा है।
राहगीर ने दी सबसे पहले सूचना
टिकरिया निवासी सुदामा कश्यप जब कालिकन धाम की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर जर्जर भवन से उठते धुएं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इस घटना की जानकारी पैरावेट विकास सिंह को मोबाइल फोन के जरिए दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
दमकल टीम ने तुरंत संभाला मोर्चा
विकास सिंह ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल परिसर का गेट खोला, जिससे दमकल वाहन अंदर जा सके। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने मिनी बस दमकल वाहन के जरिए तेज पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल टीम के चालक राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि सिपाही शिव बहादुर सिंह और उमेश कुमार के प्रयासों से आग पर जल्द काबू पा लिया गया।
समय रहते टला बड़ा हादसा
विकास सिंह ने बताया कि उन्हें वीर बहादुर सिंह उर्फ भोले सिंह और सुदामा कश्यप से फोन पर सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने नवरात्रि में ड्यूटी पर तैनात दमकल टीम को तुरंत सूचना दी। समय पर कार्रवाई होने से आग ने विकराल रूप नहीं लिया और किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
(रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
