धर्म की स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी, दोस्ती की आड़ में छूरेबाजी नहीं होगी बर्दाश्त… सूर्या हत्याकांड पर सीएम योगी का बयान
Yogi Adityanath: बिजनौर के अफजलगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
Surya Chauhan Murder Case: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के अफजलगढ़ में आयोजित एक जनसभा के दौरान सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि धर्म की स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी है और तभी देश सुरक्षित रह सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूर्या चौहान को दोस्ती के नाम पर धोखा दिया गया और बकरीद के दिन उसके साथ गलत घटना हुई। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस ने अपना काम किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर प्रदेश में लगातार चर्चा बनी हुई है।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोस्ती की आड़ में छूरेबाजी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी नालायक औलाद को सही रास्ता नहीं दिखा पा रहा है, तो यह उसकी बड़ी गलती है और उसे इसकी सजा भी भुगतनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की संवेदनाएं हमेशा उन नागरिकों के साथ हैं जो कानून का पालन करते हैं और शांतिपूर्ण जीवन जीते हैं। लेकिन यदि कोई कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करेगा तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
विस्थापित परिवारों को सौंपे भूमिधरी अधिकार पत्र
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टाधारकों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 1645 विस्थापित परिवारों और पूर्व सैनिकों तथा लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान से आए जिन परिवारों की पुश्तैनी संपत्तियों पर कब्जा हो गया था, उन्हें दशकों तक न्याय नहीं मिल सका। अब चौथी पीढ़ी में उनकी सरकार ने इन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक दिया है। उन्होंने कहा कि 1645 परिवारों के लगभग 8 से 10 हजार लोगों को इस फैसले का लाभ मिल रहा है।
महाभारत, धर्म रक्षा और गोवंश संरक्षण पर भी बोले
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाभारत और विदुर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा धर्म की रक्षा का संदेश देती रही है। यदि सामने राक्षसी प्रवृत्ति हो तो उसके खिलाफ शस्त्र उठाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। साथ ही देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों का मुकाबला करना भी जरूरी है। गोवंश संरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत में गौमाता के प्रति सम्मान और श्रद्धा की परंपरा सदियों पुरानी है। प्रदेश में गोहत्या के खिलाफ सख्त कानून लागू हैं और ऐसे मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है। सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
