वैभव सूर्यवंशी ने क्यों बनाया A साइन? मैच के बाद सामने आई भावुक वजह
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार अर्धशतक लगाने के बाद वैभव सूर्यवंशी के A सेलिब्रेशन का राज सामने आ गया है। वैभव ने बताया कि यह खास इशारा उनकी मां आरती सूर्यवंशी के लिए था। उनकी शानदार पारी से राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ उम्मीदें भी जिंदा बनी हुई हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 19 मई की शाम खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींच लिया। वैभव ने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनकी बल्लेबाजी से ज्यादा उनके खास A सेलिब्रेशन की होने लगी। फिफ्टी पूरी करने के बाद वैभव ने हाथों से A का साइन बनाया, जिसे देखकर फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स अलग-अलग मतलब निकालने लगे। किसी ने इसे इंडिया A टीम में चयन से जोड़ा तो किसी ने इसे कोई खास संदेश बताया। हालांकि अब खुद वैभव सूर्यवंशी ने इस सेलिब्रेशन का असली मतलब बता दिया है।
पोस्ट मैच में सवाल टाल गए थे वैभव
मैच खत्म होने के बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में मुरली कार्तिक ने वैभव सूर्यवंशी से उनके A सेलिब्रेशन का मतलब पूछा था। उस समय वैभव ने इस सवाल को हल्के अंदाज में टाल दिया। उन्होंने कहा कि उस सेलिब्रेशन का कोई खास मतलब नहीं था और उन्होंने बस ऐसे ही कर दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिछले सेलिब्रेशन का भी कोई विशेष मतलब नहीं था।
मां आरती के लिए था खास इशारा
हालांकि बाद में राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर से बातचीत में वैभव सूर्यवंशी ने इस राज से पर्दा उठा दिया। उन्होंने बताया कि उनका A सेलिब्रेशन उनकी मां के लिए था। वैभव ने कहा कि उनकी मां का नाम A यानी आरती सूर्यवंशी से शुरू होता है, इसलिए उन्होंने मैदान पर ‘A’ का साइन बनाया। वैभव ने यह भी कहा कि वह इस बात को ज्यादा सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे, इसलिए पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में उन्होंने कुछ नहीं बताया।
बेटे की पारी पर पिता को हुआ गर्व
वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी के बाद उनके परिवार में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। उनके बड़े भाई उज्जवल सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए पिता की भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि पिता की मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और अब वही मेहनत वैभव सूर्यवंशी के रूप में चमक रही है। उज्जवल ने बताया कि वैभव की पारी देखकर उनके पिता को हमेशा की तरह गर्व महसूस हुआ।
अब मुंबई इंडियंस से होगी अगली चुनौती
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद अभी भी बनी हुई है। हालांकि टीम के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती मुंबई इंडियंस का मुकाबला है। राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए यह अहम बाधा पार करनी होगी। ऐसे में सभी की नजरें एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी, जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी और खास सेलिब्रेशन दोनों से फैंस का दिल जीत लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
