उन्नाव केस में नया मोड़: पीड़िता ने दिल्ली हाई कोर्ट में सेंगर की सजा बढ़ाने की लगाई गुहार
उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता ने अपने पिता की हिरासत में हुई मौत के मामले में कुलदीप सिंह सेंगर के लिए कड़ी सजा की मांग करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से जुड़े चर्चित माखी दुष्कर्म मामले में एक बार फिर कानूनी हलचल तेज हो गई है। पीड़िता ने अपने पिता की कस्टोडियल डेथ के मामले में सजा बढ़ाने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले में पहले ही दोषी ठहराए जा चुके पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को निचली अदालत 10 साल की सजा दे चुकी है। अब पीड़िता चाहती है कि इस सजा को और कड़ा किया जाए। हाई कोर्ट ने मामले को 19 फरवरी को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।
सजा बढ़ाने की मांग, 19 फरवरी को होगी सुनवाई
पीड़िता ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर अपने पिता की मौत के मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की सजा बढ़ाने की मांग की है। चीफ जस्टिस ने संबंधित मामलों को 19 फरवरी को एक बेंच के सामने सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया है। इससे पहले निचली अदालत ने सेंगर को 10 साल की सजा और 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। अदालत ने कहा था कि परिवार के इकलौते कमाने वाले व्यक्ति की हत्या के मामले में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जा सकती। सेंगर को गैर इरादतन हत्या के अपराध में अधिकतम सजा दी गई थी।
जमानत याचिका पहले हो चुकी है खारिज
सजा सुनाए जाने के बाद सेंगर ने दिल्ली हाई कोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई थी, लेकिन हाई कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। फिलहाल वे जेल में बंद हैं।
दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा
गौरतलब है कि कुलदीप सिंह सेंगर पहले से ही दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी। आरोप है कि 4 जून 2017 को नौकरी दिलाने के बहाने उसे सेंगर के घर ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। 3 अप्रैल 2018 को जब पीड़िता का परिवार कोर्ट की सुनवाई के लिए उन्नाव गया था, उसी दौरान उसके पिता की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी। सेंगर 13 अप्रैल 2018 से जेल में बंद हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
