विवादों के बीच रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी 2’, दूसरे दिन कमाई में आई तेज उछाल

केरल उच्च न्यायालय की मंजूरी के बाद रिलीज हुई फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' विवादों और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है।

Mar 1, 2026 - 10:58
 0
विवादों के बीच रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी 2’, दूसरे दिन कमाई में आई तेज उछाल

फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के ऐलान के साथ ही इसके विषय को लेकर सवाल उठने लगे थे। ट्रेलर रिलीज होते ही विवाद और तेज हो गया और कुछ संगठनों ने इसे बैन करने की मांग भी की। मामला अदालत तक पहुंचा, लेकिन केरल हाई कोर्ट से रिलीज की मंजूरी मिलने के बाद फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। पहले दिन से ही इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।

दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर बढ़ी रफ्तार
शुक्रवार देर शाम से फिल्म के शोज शुरू हुए। विवादों के बावजूद दर्शकों का एक वर्ग फिल्म का इंतजार कर रहा था। दूसरे दिन फिल्म ने लगभग 4.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। कई जगह शोज कैंसिल होने की खबरों के बीच भी फिल्म की कमाई में दूसरे दिन जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे साफ है कि विवादों का असर पूरी तरह से इसकी कमाई पर नहीं पड़ा है और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली है।

तीन लड़कियों की कहानी पर आधारित है फिल्म
फिल्म की कहानी तीन लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में दिखाया गया है कि कैसे उन्हें प्यार के जाल में फंसाया जाता है और फिर जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाता है। इसके पीछे का मकसद बेहद गंभीर और डरावना बताया गया है। फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। इसमें उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा अर्जन औजला, सुमित गहलावत, अल्का आमिन और रामजी बाली ने भी अहम किरदार निभाए हैं।

सर्टिफिकेट और कंटेंट को लेकर उठा विवाद
फिल्म के कंटेंट और इसे सीबीएफसी द्वारा अंडर-ए (16+) सर्टिफिकेट दिए जाने को लेकर याचिकाएं दायर की गई थीं। शुरुआत में केरल हाई कोर्ट की एकल पीठ ने यह कहते हुए रिलीज पर रोक लगा दी थी कि फिल्म का कंटेंट कानून-व्यवस्था के लिए समस्या पैदा कर सकता है और समाज में सद्भाव बिगाड़ सकता है। साथ ही सेंसर बोर्ड की भी आलोचना की गई। हालांकि, मेकर्स ने इस फैसले के खिलाफ अपील की। रिलीज के दिन ही तीन न्यायाधीशों की खंडपीठ ने सुनवाई के बाद फिल्म को हरी झंडी दे दी, जिसके बाद यह सिनेमाघरों में रिलीज हो सकी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।