सीतापुर में चोर ने पहले चुराया कृषि यंत्र, फिर छोड़ गया भावुक चिट्ठी… सामान लौटाने आया तो ग्रामीणों ने पकड़ लिया
Uttar Pradesh News: सीतापुर में एक युवक ने कृषि यंत्र चोरी करने के बाद दुकानदार के नाम भावुक चिट्ठी छोड़ी। बाद में वह चोरी का सामान लौटाने पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और पुलिस कार्रवाई नहीं हुई।
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और सोचने पर भी मजबूर कर दिया। यहां एक युवक ने पहले कृषि यंत्र चोरी किया, फिर दुकानदार के नाम एक भावुक पत्र छोड़ दिया और बाद में चोरी किया गया सामान वापस करने भी पहुंच गया। लेकिन सामान लौटाने की उसकी कोशिश उसी पर भारी पड़ गई और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके कारण पुलिस को कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करनी पड़ी। यह अनोखी घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
रात में चोरी, CCTV में कैद हुई घटना
यह मामला महमूदाबाद थाना क्षेत्र के रामपुर मथुरा मार्ग स्थित चतुराबेहड़ गांव का है। यहां दिलीप वर्मा की कृषि यंत्रों की दुकान है। मंगलवार देर रात गांव का एक ट्रैक्टर चालक अपने साथी के साथ दुकान पर पहुंचा और वहां से एक कृषि यंत्र चोरी कर ले गया। दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। हालांकि शुरुआती जांच में चोरों की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद दुकानदार और पुलिस मामले की जांच में जुट गए।
ट्रैक्टर के टूल बॉक्स में मिली भावुक चिट्ठी
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब पता चला कि आरोपी युवक चोरी के दौरान दुकानदार के नाम एक पत्र भी छोड़ गया था। यह चिट्ठी ट्रैक्टर के टूल बॉक्स में रखी गई थी। पत्र में युवक ने लिखा कि वह गलत संगत में पड़कर अपनी जिंदगी बर्बाद कर चुका है। उसने कहा कि खेती के काम के लिए उसे रोटावेटर की बहुत जरूरत थी। युवक ने दुकानदार से माफी मांगते हुए भरोसा दिया कि वह अगले तीन साल में चोरी किए गए कृषि यंत्र की पूरी कीमत चुका देगा।
सामान लौटाने आया तभी पकड़ा गया
बुधवार देर रात दुकानदार दिलीप वर्मा को सूचना मिली कि चतुराबेहड़ ईंट-भट्ठे के पास एक ट्रैक्टर और कृषि यंत्र खड़ा है। सूचना मिलते ही दुकानदार पुलिस और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां युवक पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वही कृषि यंत्र चोरी करके ले गया था और अब उसे वापस करने आया है। उसने बताया कि मौका मिलते ही वह यंत्र छोड़कर चुपचाप लौट जाता।
समझौते के बाद शांत हुआ मामला
मौके पर पहुंची महमूदाबाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की। इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दुकानदार और आरोपी के बीच समझौता हो गया है। दुकानदार ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी मामला शांत करा दिया। इस अनोखी घटना को लेकर इलाके में अलग-अलग चर्चाएं हो रही हैं। लोग युवक की चोरी को गलत बता रहे हैं, लेकिन उसके पछतावे और सामान लौटाने की कोशिश को लेकर भी बातें कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
