मुलायम के बेटे प्रतीक यादव का 38 की उम्र में निधन, किचन में मिले थे अचेत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Prateek Yadav News: सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का अचानक निधन हो गया। वह 38 साल के थे। इस खबर के सामने आने के बाद यादव परिवार के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।
सुबह घर के किचन में अचेत मिले थे प्रतीक यादव
परिवार से जुड़ी जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव सुबह घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। सुबह करीब 4 बजकर 55 मिनट पर घर में मौजूद लोगों ने अस्पताल को सूचना दी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद लखनऊ पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस अपर्णा यादव के घर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगी। पुलिस ने प्रतीक यादव का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है। घर के अंदर उस समय क्या हालात थे, इसकी भी जांच की जाएगी।
एक हफ्ते पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे
जानकारी के मुताबिक, करीब एक हफ्ते पहले तबीयत खराब होने के कारण प्रतीक यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई थी और फिर उन्हें घर भेज दिया गया था। उस दौरान अखिलेश यादव और डिंपल यादव भी अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे। प्रतीक यादव अपनी फिटनेस को लेकर काफी गंभीर रहते थे। वह सोशल मीडिया पर फिटनेस से जुड़े फोटो और वीडियो शेयर करते रहते थे। ऐसे में उनकी अचानक मौत की खबर से लोग हैरान हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ… — Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद!
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
विनम्र श्रद्धांजलि! — Samajwadi Party (@samajwadiparty) May 13, 2026
राजनीति से दूर रहते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन वह खुद राजनीति से दूर रहते थे। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वहीं उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की नेता हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं। प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे।
2012 में हुई थी हाई प्रोफाइल शादी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे थे। इसके बाद दोनों ने साल 2012 में शादी की थी। उस समय यह शादी उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित और हाई प्रोफाइल शादियों में गिनी गई थी। शादी समारोह में राजनीति और समाज से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
