उधार के पैसे नहीं मिले तो 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, नीचे उतरते ही हुआ फरार, जांच में जुटी पुलिस 

प्रतापगढ़ में उधार के पैसों की वसूली को लेकर एक युवक ने ऐसा कदम उठाया कि पूरा गांव जुट गया। करीब एक घंटे तक मोबाइल टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने के बाद वह पुलिस के भरोसे नीचे तो उतर आया, लेकिन अगले ही पल ऐसा हुआ जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी।

Jun 19, 2026 - 10:57
Jun 19, 2026 - 10:57
 0
उधार के पैसे नहीं मिले तो 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, नीचे उतरते ही हुआ फरार, जांच में जुटी पुलिस 

प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के बेलगांव में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी रकम वापस न मिलने से नाराज होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में पुलिस, ग्रामीण और प्रशासन युवक को नीचे उतारने की कोशिश में जुटे रहे। आखिरकार पुलिस के आश्वासन पर वह नीचे तो उतर आया, लेकिन अगले ही पल पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, बेलगांव निवासी 28 वर्षीय आकाश पटेल का आरोप है कि गांव के कई लोगों ने उससे उधार में पैसे लिए थे, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की जा रही थी। इसी से नाराज होकर उसने विरोध जताने के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ने का फैसला किया।

टॉवर पर चढ़कर की पैसे दिलाने की मांग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक टॉवर पर चढ़ने के बाद लगातार प्रशासन से न्याय की मांग करता रहा। उसका कहना था कि जब तक उसके पैसे वापस दिलाने का भरोसा नहीं मिलेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही हथिगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि उसके आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के समझाने पर करीब एक घंटे बाद युवक टॉवर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया।

नीचे आते ही पुलिस को चकमा देकर भाग निकला
हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। टॉवर से सुरक्षित नीचे उतरने के बाद युवक ने मौका देखकर पुलिस को चकमा दिया और वहां से फरार हो गया। उसके अचानक गायब होने से पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। मामले को लेकर सीओ कुंडा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है। युवक के आरोपों की जांच की जा रही है। टॉवर से उतरने के बाद वह फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0