प्रेमी से शादी की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ी युवती, कोर्ट परिसर में एक घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रतापगढ़ में रेप के आरोपी से की शादी कराने की मांग
जिस युवक पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया, उसी से शादी कराने की मांग को लेकर युवती कोर्ट परिसर की पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में पुलिस, फायर सर्विस और सैकड़ों लोगों की सांसें अटकी रहीं। जानिए आखिर पूरा मामला क्या है।
प्रतापगढ़ के न्यायालय परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। देखते ही देखते अदालत परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरा इलाका हाई अलर्ट पर पहुंच गया। युवती की सिर्फ एक ही मांग थी कि जिस युवक पर उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है, उसी से उसकी शादी कराई जाए। सुबह करीब 7:30 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने तत्काल टंकी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया और युवती को शांत कर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। लगभग एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद संयुक्त टीम युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
पहले दर्ज करा चुकी है मुकदमा
पुलिस के अनुसार युवती कोतवाली देहात क्षेत्र के कारीघाटन गांव की रहने वाली है। उसका आरोप है कि एक युवक ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब शादी से साफ इनकार कर दिया। इस मामले में युवती पहले ही आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज करा चुकी है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज चुकी थी, लेकिन फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।
कोर्ट परिसर में जुटी भारी भीड़
युवती के टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही न्यायालय और कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस लगातार लोगों को पीछे हटाने और स्थिति सामान्य बनाए रखने में जुटी रही। घटना के दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद पानी की टंकी तक युवती के आसानी से पहुंच जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
