सिर्फ 9 करोड़ में बनी इस हॉरर फिल्म ने मचा दिया दुनिया भर में तहलका… 10 दिन में भारत में करोड़ों की कमाई
Obsession Worldwide Collection: हॉलीवुड हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ ने भारत में 10 दिनों में 43.15 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। सिर्फ 9 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 1670 करोड़ रुपये की कमाई कर सभी को हैरान कर दिया है।
पिछले कुछ वर्षों में सिनेमाघरों में हॉरर फिल्मों का क्रेज तेजी से बढ़ा है। हॉलीवुड से लेकर दुनिया की कई बड़ी फिल्म इंडस्ट्री में डर और रोमांच से भरी फिल्मों को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इसी बीच हॉलीवुड की हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ ने दुनियाभर में जबरदस्त चर्चा बटोरी है। फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और इसकी कमाई के आंकड़े भी सभी को हैरान कर रहे हैं। भारत में फिल्म को रिलीज हुए अभी सिर्फ 10 दिन हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में इसने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है।
भारत में 10 दिन में 43 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई
फिल्म को भारत में शुरुआत में ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला था। रिलीज के पहले दिन ‘ऑब्सेशन’ ने 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। दूसरे दिन फिल्म ने 2.75 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 3.25 करोड़ रुपये कमाए। वर्किंग डेज में भी फिल्म औसतन 2 से 3 करोड़ रुपये की कमाई करती रही। हालांकि दूसरे वीकेंड में फिल्म ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 3.30 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 6.75 करोड़ रुपये पहुंच गई। रविवार को फिल्म ने 7.50 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। इस तरह भारत में 10 दिनों के भीतर फिल्म का नेट कलेक्शन 36.10 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 43.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। किसी हॉरर फिल्म के लिए यह आंकड़ा काफी अच्छा माना जा रहा है।
बजट से 200 गुना ज्यादा कमाई, दुनिया भर में रिकॉर्ड प्रदर्शन
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी लागत और कमाई के बीच का अंतर है। ‘ऑब्सेशन’ केवल 9 करोड़ रुपये के बजट में बनाई गई थी। इसके बावजूद फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1670 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। यानी यह फिल्म अपने बजट से लगभग 200 गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है। फिल्म की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। भारत में भी इसकी यूनिक कहानी और अलग मेकिंग स्टाइल को काफी पसंद किया जा रहा है। कई अभिनेता और निर्देशक भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि फिल्म अपने लाइफटाइम कलेक्शन में कितना बड़ा रिकॉर्ड बनाती है और क्या यह 2026 की टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में जगह बना पाएगी।
टोरेंटो फिल्म फेस्टिवल से शुरू हुआ था चर्चा का सफर
ऑब्सेशन का निर्देशन और लेखन करी बार्कर ने किया है। फिल्म में माइकल जॉन्सटन, कूपर टॉमलिनसन, मेगन लॉलेस और इंडे नवरेट्टे ने अभिनय किया है। फिल्म को सबसे पहले 5 सितंबर 2025 को Toronto International Film Festival में प्रदर्शित किया गया था, जहां इसकी काफी सराहना हुई थी। इसके बाद 15 मई 2026 को इसे अमेरिका में रिलीज किया गया। भारत में यह फिल्म 29 मई 2026 को सिनेमाघरों में आई और तब से लगातार चर्चा में बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
