लिफ्ट देकर पुलिसकर्मी से लूट करने वाला गैंगस्टर गिरफ्तार, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दो बड़े मामलों का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पुलिसकर्मी से लूट करने वाले गैंग का सरगना है, जबकि दूसरे ने प्रेम प्रसंग में युवती के परिवार पर जानलेवा हमला किया था।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दो अलग-अलग सनसनीखेज मामलों का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो बड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक ओर सादे कपड़ों में घर लौट रहे पुलिसकर्मी को लिफ्ट देकर लूटने वाले वेगनार गैंग के सरगना को पकड़ा गया, वहीं दूसरी ओर प्रेम प्रसंग के चलते युवती के परिवार पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को भी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने हथियार और वारदात में इस्तेमाल सामान भी बरामद किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिसकर्मी को लिफ्ट देकर लूटने वाला गैंग पकड़ा गया
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 20 और 21 मई की रात सादे कपड़ों में घर लौट रहे एक पुलिसकर्मी को बदमाशों ने वेगनार कार में लिफ्ट देने के बहाने बैठा लिया था। कार में बैठते ही बदमाशों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की और लूटपाट कर फरार हो गए। घटना के बाद दादरी पुलिस ने कई टीमें बनाकर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि गैंग का मुख्य सरगना रंजीत कुमार दादरी इलाके में घूम रहा है। पुलिस ने पेरिफेरल अंडरपास के पास घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी रंजीत के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल वेगनार कार बरामद की है। हालांकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रेमिका के परिवार पर हमला करने वाला भी गिरफ्तार
दूसरी घटना नोएडा के सेक्टर-5 हरौला इलाके की है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते युवती के परिवार पर चाकू से हमला करने वाले मुख्य आरोपी हरनाम सिंह उर्फ हरिराम यादव को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-15 इलाके में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
शादी से इनकार के बाद किया हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हरनाम युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन परिवार ने रिश्ता कहीं और तय कर दिया था। इसी रंजिश में आरोपी ने शनिवार रात घर में घुसकर परिवार पर चाकू और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में मां संजू देवी की मौत हो गई, जबकि पिता और बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, खूनी चाकू और चोरी की स्कूटी भी बरामद की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
