मेरठ में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत
मेरठ के किदवई नगर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें पांच बच्चे शामिल थे। मामले की जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के किदवई नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक ही परिवार के 6 लोगों की जान ले ली। मृतकों में 5 मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग अपना कहर दिखा चुकी थी।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, किदवई नगर निवासी इकबाल के घर में सोमवार शाम अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि घर में कपड़े का काम होता था, जिससे ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। आग पहले निचले तल पर लगी और फिर ऊपर की मंजिल तक पहुंच गई। इलाका भीड़भाड़ वाला है और गलियां काफी संकरी हैं। ऐसे में राहत और बचाव कार्य में कठिनाई आई। झुलसे लोगों को छत के रास्ते बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
मासूमों की मौत से मचा हाहाकार
इस हादसे में 5 बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। मृतकों में दो जुड़वां बच्चे भी शामिल थे, जिनकी उम्र 6 माह से कम बताई जा रही है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आयुष विक्रम सिंह और फायर ब्रिगेड की टीम ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अधिकारी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. वीके सिंह, अविनाश पांडेय, विधायक रफीक अंसारी और गुलाम मोहम्मद अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
