ठाकुर की जुबान है, चैंबर तोड़ा तो फांसी लगा लूंगा… बुलडोजर एक्शन के बीच वकील ने गले में डाला फंदा
Lucknow News: लखनऊ जिला कचहरी में अवैध वकील चैंबर हटाने पहुंची नगर निगम टीम के खिलाफ जमकर हंगामा हुआ। बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में एक युवा वकील ने खुद को चैंबर में बंद कर फांसी लगाने की धमकी दी। हाईकोर्ट के आदेश पर करीब 240 अवैध चैंबर हटाने की कार्रवाई की जा रही थी।
Lucknow Court Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह जिला कचहरी के आसपास बने अवैध वकील चैंबरों को हटाने के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ कैसरबाग इलाके में पहुंची और अवैध निर्माणों को गिराना शुरू कर दिया। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में वकील सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान एक युवा वकील ने खुद को अपने चैंबर में बंद कर लिया और फांसी लगाने की धमकी देने लगा। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोग और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वकील फंदा तैयार करता दिखाई दे रहा है। बुलडोजर कार्रवाई और विरोध प्रदर्शन की वजह से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
चैंबर में बंद होकर दी आत्महत्या की धमकी
जानकारी के मुताबिक युवा वकील ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए खुद को चैंबर के अंदर बंद कर लिया। वीडियो में उसके साथ एक महिला वकील भी दिखाई दे रही है, जिसे उसकी बहन बताया जा रहा है। चैंबर के बाहर एक अन्य वकील रोते हुए नजर आया। अंदर मौजूद युवा वकील ने नगर निगम की टीम को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसके चैंबर पर बुलडोजर चलाया गया तो वह फांसी लगा लेगा। उसने कहा, अगर मेरे चैंबर पर कार्रवाई हुई तो मैं फांसी लगा लूंगा, ठाकुर की जुबान है। वीडियो में वह फंदा बनाकर गले में डालने की कोशिश करता भी दिखाई दिया। वहीं महिला वकील ने भी कहा कि अगर कार्रवाई हुई तो दोनों भाई-बहन जान दे देंगे।
हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
दरअसल इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम की टीम कैसरबाग इलाके में अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। हाईकोर्ट ने वकीलों के करीब 240 अवैध चैंबर हटाने के निर्देश दिए थे। नगर निगम ने इससे पहले वकीलों को चैंबर हटाने के लिए समय भी दिया था। लेकिन तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी कई चैंबर नहीं हटाए गए। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
जैसे ही बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ, वकीलों का विरोध तेज हो गया। बड़ी संख्या में वकील सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे वकीलों को हटाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। हंगामे और विरोध प्रदर्शन की वजह से पूरे इलाके में भारी तनाव बना रहा। मौके पर नगर निगम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
