2000 साल पुराने लोहागढ़ किले पर में कहां है सिया पॉइंट, गाइड से हर कोई पूछ रहा एक ही सवाल, मर्डर मिस्ट्री के बाद 25 फीसदी बढ़ी भीड़
लोहागढ़ किले में सिया पॉइंट आखिर कहां है? केतन अग्रवाल मर्डर केस के बाद महाराष्ट्र के इस ऐतिहासिक किले में पर्यटकों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। लोग अब 2000 साल पुराने इतिहास से ज्यादा उस जगह को देखने पहुंच रहे हैं, जहां कथित तौर पर वारदात हुई थी।
करीब दो हजार साल से इतिहास की कहानियां समेटे खड़ा महाराष्ट्र का लोहागढ़ किला इन दिनों अपने गौरवशाली अतीत के लिए नहीं, बल्कि एक चर्चित मर्डर केस की वजह से सुर्खियों में है। हालात ऐसे हैं कि यहां पहुंचने वाले पर्यटक किले के इतिहास, स्थापत्य या ट्रेकिंग रूट के बारे में कम और एक ही सवाल ज्यादा पूछ रहे हैं कि वो जगह कहां है, जिस जगह से कारोबारी केतन अग्रवाल को कथित तौर पर 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया गया था, दरअसल यही जगह अब सोशल मीडिया पर सिया पॉइंट के नाम से वायरल हो चुका है। हालांकि यह कोई आधिकारिक नाम नहीं है, लेकिन पर्यटकों और इंटरनेट की दुनिया ने इसे नई पहचान दे दी है।
मर्डर केस के बाद बदल गई किले की तस्वीर
18 जून को सामने आए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने लोहागढ़ किले की तस्वीर ही बदल दी। पहले यहां लोग इतिहास और प्राकृतिक खूबसूरती देखने आते थे, लेकिन अब बड़ी संख्या में लोग सिर्फ उस जगह को देखने पहुंच रहे हैं, जहां हत्या की वारदात हुई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद किले में आने वाले पर्यटकों की संख्या में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हैरानी की बात यह है कि वीकेंड जैसी भीड़ अब सामान्य दिनों में भी दिखाई देने लगी है।
गाइड से पर्यटकों का एक ही सवाल
किले में तैनात गाइड और सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि इन दिनों सबसे ज्यादा पूछा जाने वाला सवाल इतिहास से जुड़ा नहीं, बल्कि सिया पॉइंट को लेकर है। कई पर्यटक सीधे उसी जगह तक पहुंचने की जिद करते हैं, जहां से कथित तौर पर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दिया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और रील्स ने लोगों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
भीड़ बढ़ी तो पुलिस को बंद करना पड़ा किला
घटनास्थल पर लगातार बढ़ती भीड़ ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। जांच प्रभावित न हो, इसलिए मंगलवार को पूरे किले को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। पुलिस ने सभी पर्यटकों को बाहर निकालकर घटनास्थल की जांच की। इस मामले में पुलिस पहले ही सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों पर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने और उन्हें खाई में धक्का देने का आरोप है।
इतिहास से ज्यादा क्राइम में दिलचस्पी क्यों?
सह्याद्रि पर्वत श्रृंखला में स्थित लोहागढ़ किला महाराष्ट्र के सबसे प्रसिद्ध ट्रेकिंग और हेरिटेज स्थलों में गिना जाता है। माना जाता है कि इसका निर्माण करीब 2000 साल पहले सातवाहन काल में हुआ था। लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है। लोग किले की प्राचीर, दरवाजे और इतिहास से ज्यादा उस चट्टान तक पहुंचना चाहते हैं, जहां एक चर्चित हत्याकांड हुआ था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
