प्रतापगढ़ में दो सफाईकर्मियों की संदिग्ध मौत से सनसनी, 5-6 किमी दूरी पर मिले शव

प्रतापगढ़ के कुंडा से दो सफाईकर्मी लापता हो गए थे, लेकिन 5-6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अलग-अलग स्थानों पर उनके शव मिले। परिवार वालों ने मामले में साजिश का आरोप लगाया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Feb 16, 2026 - 10:33
Feb 16, 2026 - 11:59
 0
प्रतापगढ़ में दो सफाईकर्मियों की संदिग्ध मौत से सनसनी, 5-6 किमी दूरी पर मिले शव

Uttar Pradesh News: प्रतापगढ़ में कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बरई गांव के रहने वाले दो चचेरे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों युवक नगर पंचायत लालगोपालगंज में सफाईकर्मी थे और रोज की तरह रविवार शाम भी साथ काम से लौटे थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो अलग-अलग स्थानों से दोनों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। दोनों घटनाएं करीब पांच से छह किलोमीटर की दूरी पर होने से मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एक शव सड़क हादसे में मृत बताकर पोस्टमार्टम भेजा गया
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय विनोद कुमार हेला पुत्र नंदलाल और उसका चचेरा भाई 24 वर्षीय शनि हेला पुत्र राकेश रविवार शाम ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिवार वालों को चिंता हुई। इसी दौरान सूचना मिली कि मानिकपुर थाना क्षेत्र के लाटतारा के पास एक युवक की मौत हो गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि पुलिस शव को अज्ञात मानकर पोस्टमार्टम हाउस भेज चुकी है। फोटो देखकर पहचान विनोद के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की और इसे सड़क हादसा बताया।

दूसरे भाई का शव अस्पताल में मिला, शरीर पर चोट के निशान
उधर विनोद के साथ निकला उसका चचेरा भाई शनि लापता था। तलाश करते हुए परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा पहुंचे, जहां एक अज्ञात युवक का शव रखा था। पहचान करने पर वह शनि निकला। बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर गहरे चोट के निशान थे। उसे अस्पताल कौन लेकर आया, इसकी जानकारी भी स्पष्ट नहीं हो सकी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

अलग-अलग जगहों पर मौत से उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस
दोनों घटनाएं करीब पांच से छह किलोमीटर की दूरी पर हुईं, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिवार में दोनों शव मिलने से कोहराम मच गया। मामले में कुंडा क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि सूचना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

सबसे बड़ा सवाल, दोनों मानिकपुर कैसे पहुंचे
परिजनों के अनुसार दोनों युवक रोज लालगोपालगंज से निजी वाहन से कुंडा आते-जाते थे और रविवार को भी उन्हें कुंडा उतरना था। लेकिन वे मानिकपुर कैसे पहुंच गए, यह अब सबसे बड़ा सवाल बन गया है। पुलिस इसी बिंदु पर जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।