क्रिकेटर कुलदीप यादव 14 मार्च को लखनऊ की वंशिका संग करेंगे शादी, मसूरी में होगा विवाह और 17 मार्च को लखनऊ में रिसेप्शन
भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव 14 मार्च, 2026 को मसूरी में लखनऊ की वंशिका से शादी करेंगे। रिसेप्शन 17 मार्च को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बीसीसीआई और क्रिकेट जगत की हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर और टी-20 विश्वकप विजेता टीम के सदस्य कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप यादव 14 मार्च 2026 को लखनऊ की वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे। यह शादी उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में आयोजित की जाएगी। शादी की तैयारियां दोनों परिवारों की ओर से जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि इस खास मौके पर परिवार के सदस्य, रिश्तेदारों के साथ-साथ क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हो सकती हैं। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा।
13 मार्च को होंगी हल्दी और मेहंदी की रस्में
शादी से पहले 13 मार्च 2026 को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी। यह कार्यक्रम भी पारिवारिक माहौल में मनाया जाएगा, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी लोग शामिल होंगे। इसके बाद 14 मार्च को मसूरी के एक रिसॉर्ट में कुलदीप यादव और वंशिका की शादी की मुख्य रस्में होंगी। इस दौरान पारंपरिक तरीके से विवाह संपन्न कराया जाएगा।
लखनऊ के होटल सेंट्रम में होगा भव्य रिसेप्शन
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्रिकेट जगत और समाज के कई प्रमुख लोग शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस रिसेप्शन में बीसीसीआई, यूपीसीए के अधिकारी और भारतीय टीम के कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटर भी मौजूद रह सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न शहरों के कई गणमान्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।
पहले नवंबर 2025 में होनी थी शादी
कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ के एक होटल में हुई थी। शुरुआत में दोनों की शादी नवंबर 2025 में तय की गई थी, लेकिन उस समय भारतीय क्रिकेट टीम के मैच और टी-20 विश्वकप के कारण कुलदीप यादव का कार्यक्रम काफी व्यस्त था। साथ ही उनका चयन टी-20 विश्वकप टीम में हो गया था, जिसके चलते शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया गया निमंत्रण
कुलदीप यादव के पिता रामसिंह यादव ने 8 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है। अब क्रिकेट प्रेमियों और कुलदीप के प्रशंसकों को इस खास मौके का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
