गोरखपुर में पुलिस वाहन पेड़ से टकराया, दरोगा की मौत, पांच पुलिसकर्मी घायल
कुशीनगर से लौट रही पुलिस की गाड़ी गोरखपुर में एक पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई और पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश का गोरखपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पड़ोसी जिले कुशीनगर से दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी रास्ते में पेड़ से टकरा गई। यह दुर्घटना घने कोहरे के बीच हुई। हादसे में एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि एक महिला दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जालसाजी मामले में गई थी पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल थाने की एक टीम कुशीनगर जिले के खड्डा इलाके में जालसाजी के एक मामले में दबिश देने गई थी। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम वापस गोरखपुर लौट रही थी। तभी श्यामदेउरुवा इलाके में पुलिस वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी और संभव है कि चालक को झपकी आ गई हो।
एक दरोगा की मौत, दो की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दरोगा संतोष कुमार की मौत हो गई। एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दरोगा गीता की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य पुलिसकर्मियों का भी इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सुबह करीब 6:30 बजे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पेड़ से टकरा गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
