यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का कहर, जलभराव के बीच इस जिले में 12वीं तक के स्कूल बंद, यूपी के 75 जिलों में अलर्ट
यूपी में बारिश का कहर जारी है। गाजियाबाद में तेज बारिश और जलभराव के चलते 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मथुरा और हाथरस में भी छुट्टी का आदेश जारी हुआ है, वहीं मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगी है। बुधवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश ने गाजियाबाद में हालात बिगाड़ दिए। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिसके बाद प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए गुरुवार (9 जुलाई) को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक जिले में कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे।
बारिश और जलभराव को देखते हुए लिया गया फैसला
गाजियाबाद में बुधवार देर शाम से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने खराब मौसम में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद करने का निर्णय लिया। जिलाधिकारी की ओर से सभी संबंधित विभागों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने छात्रों से अपील की है कि खराब मौसम में घर पर सुरक्षित रहें और छुट्टी के समय का इस्तेमाल अपने अधूरे असाइनमेंट पूरे करने में करें।
मथुरा और हाथरस में भी स्कूलों की छुट्टी
बारिश का असर सिर्फ गाजियाबाद तक सीमित नहीं है। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद के अलावा मथुरा और हाथरस में भी प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इन दोनों जिलों में कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूल गुरुवार को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
पूरे यूपी में बारिश को लेकर अलर्ट, 75 जिलों में चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। नोएडा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की समस्या सामने आने लगी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
