डिनर के बाद खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को गोली मारकर की हत्या, आरोपी फरार
गाजियाबाद में एक चौंकाने वाली दोहरी हत्या हुई है, जहां एक पति ने रात के खाने के बाद अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस जांच जारी है।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। चौकाने वाली बात यह है कि वारदात से कुछ समय पहले तक तीनों एक ही कमरे में बैठकर साथ खाना खा रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, जबकि आरोपी पति फरार है। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
डिनर के बाद अचानक बढ़ा विवाद, दोहरी हत्या
जानकारी के अनुसार, यह मामला ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क (बुद्ध बाजार) मोहल्ले का है। आरोपी पति राशिद को अपनी 36 वर्षीय पत्नी शबनम और अपने दोस्त फहीम (32 वर्ष) के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था। बीती रात तीनों एक साथ कमरे में बैठकर डिनर कर रहे थे, तभी अचानक विवाद बढ़ गया और राशिद ने गुस्से में आकर अवैध हथियार से दोनों पर गोली चला दी।
घटनास्थल पर मिला खौफनाक मंजर
रात करीब 12:40 बजे पुलिस को झगड़े की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दृश्य बेहद भयावह था। सोफे पर शबनम की लाश खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि पास ही फहीम का शव भी पड़ा था। दोनों के सिर में गोली मारी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राशिद मौके से फरार हो गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुरुआती जांच में यही सामने आया है कि बातचीत के दौरान ही विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया।
आरोपी की तलाश में चार टीमें गठित
पुलिस ने आरोपी राशिद को पकड़ने के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। परिजनों से तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस डबल मर्डर के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
