फतेहपुर में शादी समारोह में चली गोली… जयमाल के दौरान विवाद के बीच दूल्हे का दोस्त घायल, मचा हड़कंप

फतेहपुर में शादी समारोह के दौरान जयमाल के समय विवाद के बीच चली गोली में दूल्हे का दोस्त घायल हो गया। पुलिस जांच में जुटी है और फायरिंग करने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Feb 26, 2026 - 11:01
Feb 26, 2026 - 11:03
 0
फतेहपुर में शादी समारोह में चली गोली… जयमाल के दौरान विवाद के बीच दूल्हे का दोस्त घायल, मचा हड़कंप

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर मोड़ स्थित एक गेस्ट हाउस में जयमाल कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बारातियों के बीच हुए विवाद के बीच अचानक गोली चल गई। गोली लगने से दूल्हे का एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया और परिजन घायल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

दूल्हे के दोस्त को सीने के पास लगी गोली
घायल की पहचान 40 वर्षीय रवि प्रताप सिंह पुत्र चंद्रभान सिंह निवासी मोहनपुरवा, थाना मटौंध, जिला बांदा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली उनके सीने के पास लगी, जिससे हालत नाजुक हो गई। घटना के तुरंत बाद परिवार और बारातियों ने उन्हें आनन-फानन में बिंदकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल घायल की स्थिति स्थिर है और इलाज जारी है।

जयमाल के दौरान हुआ विवाद, फिर चली गोली
जानकारी के अनुसार मोहल्ला उत्तरी गौतम नगर निवासी दूल्हा भानु प्रताप सिंह हाड़ा की शादी जाफराबाद गांव निवासी शैलेंद्र सिंह की बेटी शालिनी सिंह के साथ तय थी। जयमाल कार्यक्रम के समय गेस्ट हाउस के बाहर किसी बात को लेकर बारातियों में कहासुनी और विवाद हो गया। इसी दौरान अचानक फायरिंग हो गई। इस घटना के बाद एक बार फिर शादी समारोहों में होने वाली हर्ष फायरिंग की खतरनाक प्रथा पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में कानून का पालन करें और ऐसी लापरवाही से बचें।

पुलिस जांच जारी, फायर करने वाला स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार घायल के बयान में अभी यह साफ नहीं हो सका है कि गोली किसने चलाई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह, फतेहपुर) 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।