शादी में चली गोली: जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग, दूल्हे का दोस्त गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक शादी समारोह के दौरान जश्न में चलाई गई गोलियों की बौछार में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच जारी है।

Feb 26, 2026 - 10:51
 0
शादी में चली गोली: जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग, दूल्हे का दोस्त गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गंभीर घटना सामने आई है। बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि करीब 12 बजे कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर मोड़ स्थित एक गेस्ट हाउस में जयमाल कार्यक्रम के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बारातियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, इसी दौरान फायरिंग हुई। गोली लगने से दूल्हे का एक करीबी मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह का माहौल खुशी से मातम में बदल गया और लोगों में दहशत फैल गई।

जयमाल के दौरान विवाद, अचानक चली गोली
जानकारी के अनुसार मोहल्ला उत्तरी गौतम नगर निवासी दूल्हा भानु प्रताप सिंह हाड़ा की शादी जाफराबाद गांव निवासी शैलेंद्र सिंह की पुत्री शालिनी सिंह के साथ तय थी। गेस्ट हाउस में जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बाहर बारातियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के बीच अचानक गोली चल गई, जो दूल्हे के मित्र रवि प्रताप सिंह (40) पुत्र चंद्रभान सिंह, निवासी मोहनपुरवा थाना मटौंध (बांदा) को सीने के पास जा लगी।

घायल की हालत स्थिर, पुलिस कर रही जांच
गोली लगते ही समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। परिजन और बाराती घायल रवि प्रताप सिंह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार घायल के बयान में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फायरिंग किसने की। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। इस घटना के बाद एक बार फिर शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक प्रथा पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि विवाह जैसे आयोजनों में कानून का पालन करें और ऐसी लापरवाही से बचें।

(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह, फतेहपुर)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।