फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: शादी में जा रहे तीन भाइयों की मौत आमने-सामने बाइक टक्कर में दो गंभीर घायल
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के ऐराया मशायक गांव के पास मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में तीन भाइयों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपी के फतेहपुर जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसा इतना भयानक था कि सड़क खून से लाल हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन भाई एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण भिड़ंत में तीन भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
आमने-सामने की भिड़ंत में तीन की मौत
यह हादसा सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में ऐरायाँ मशायक गांव के पास एक कोल्ड स्टोर के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पतरहा गांव निवासी श्याम सिंह (45) पुत्र फूल सिंह अपने भाई मनथाल सिंह (40), गोरेलाल (32) और चाचा के पुत्र राजेंद्र सिंह (30) पुत्र शिवलाल सिंह के साथ एक ही मोटरसाइकिल से शादी समारोह में जा रहे थे। वे सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के एक गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार मोतीलाल पासवान (50) पुत्र रघुवीर निवासी गौती, थाना सुल्तानपुर घोष अचानक सामने आ गया। अंधेरा होने के कारण दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में राजेंद्र सिंह, मनथाल सिंह और गोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार मोतीलाल पासवान भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। श्याम सिंह और मोतीलाल की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फतेहपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खागा क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप ने बताया कि हादसा देर शाम अंधेरे में हुआ, जिससे प्रत्यक्षदर्शी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। प्रथम दृष्टया दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर ही हादसे का कारण लग रही है।
(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
