फतेहपुर में दर्दनाक हादसा, बारात से लौट रही कार खंती में गिरी, दो की मौत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक शादी समारोह से लौट रही तेज रफ्तार कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

May 2, 2026 - 12:31
 0
फतेहपुर में दर्दनाक हादसा, बारात से लौट रही कार खंती में गिरी, दो की मौत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। अशोथर थाना क्षेत्र के पुर बुजुर्ग गांव के पास तेज रफ्तार से जा रही एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर खंती में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। इस हादसे से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार कार में करीब सात लोग सवार थे, जो गाजीपुर जिले के मनीपुर थाना क्षेत्र से बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। बारात दीपू रैदास की थी, जिनकी शादी किशनपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर बड़वा गांव निवासी रीता देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी पुर बुजुर्ग गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

बिजली के पोल से टकराकर खंती में गिरी कार
तेज रफ्तार के कारण कार सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकराई और फिर उछलकर खंती में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में शिवकरन (35) और उमेश पाल (40) की मौके पर ही मौत हो गई।

पांच लोग गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में भारत भूषण, अनूप कुमार, अतुल सिंह, सुखराज पाल और आशुतोष घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल फतेहपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद शादी का माहौल बदला मातम में
घटना के बाद बारातियों और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। हालात को देखते हुए सुबह ही दुल्हन की विदाई कराई गई। लड़का पक्ष शादी का सामान वहीं छोड़कर दुल्हन को लेकर वापस लौट गया। खुशियों का माहौल अचानक गम में बदल गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह, फतेहपुर)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।