CJP के प्रोटेस्ट के समर्थन में सड़क पर उतरी सपा सांसद डिंपल यादव, दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, बोलीं- पानी सिर के ऊपर से निकल चुका है
संसद से छात्रों की आवाज बुलंद करने निकलीं डिंपल यादव अचानक राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गईं। समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें और पार्टी के अन्य सांसदों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद अखिलेश यादव का सरकार पर बड़ा हमला, लखनऊ में सपाइयों को सड़क पर घसीटती पुलिस और यूपी के कई शहरों में प्रदर्शन ने सियासी माहौल गरमा दिया।
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव सोमवार को छात्रों के मुद्दे को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन का चेहरा बनकर सामने आईं। संसद से जंतर-मंतर तक निकाले गए पैदल मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने डिंपल यादव समेत पार्टी के कई सांसदों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई को लेकर सपा ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का आरोप लगाया। पार्टी के मुताबिक, डिंपल यादव, सांसद इकरा हसन, प्रिया सरोज और अन्य सांसद कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में संसद से जंतर-मंतर तक मार्च कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि दिल्ली में छात्रों की आवाज उठा रहीं डिंपल यादव और सपा के अन्य सांसदों को हिरासत में लेना, छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक है।
पानी सिर के ऊपर से निकल चुका है : डिंपल यादव
हिरासत में लिए जाने के दावे के बीच डिंपल यादव ने कहा कि सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छात्रों की बात सुनी जाए, क्योंकि पानी अब सिर के ऊपर से निकल चुका है। किसान, युवा, हर कोई परेशान है, लेकिन सरकार कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। छात्र सिर्फ निष्पक्ष परीक्षा चाहते हैं। डिंपल यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।
अखिलेश यादव बोले- हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसद परिसर के बाहर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया है। उन्होंने कहा कि हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया है, जबकि बाहर बच्चों को पीटा जा रहा है। यह कैसी सरकार है? आप बच्चों की बात नहीं सुनना चाहते।
दिल्ली से यूपी तक दिखा विरोध
दिल्ली में सांसदों के मार्च के समानांतर उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने नीट पेपर लीक के खिलाफ और कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में प्रदर्शन किया। लखनऊ में विधानसभा की ओर बढ़ रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। विरोध में कई कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सड़क से हटाकर वाहनों में बैठाया और इको गार्डन ले गई। काशी में सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जबकि आगरा में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
डिंपल यादव बनीं विपक्षी प्रदर्शन का चेहरा
सोमवार के पूरे घटनाक्रम में डिंपल यादव विपक्ष के विरोध प्रदर्शन का प्रमुख चेहरा रहीं। संसद से सड़क तक छात्र मुद्दों को लेकर उनकी मौजूदगी और हिरासत में लिए जाने के सपा के दावे ने इस प्रदर्शन को नया राजनीतिक आयाम दे दिया। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।
'पानी अब सिर से ऊपर चला गया' प्रोटेस्ट में पहुंची डिंपल यादव ने दी सरकार को चेतावनी#cjpprotest #abhijeetdipke #delhi #sonamwangchuk #samajwadiparty #dimpleyadav pic.twitter.com/25CSpEN4qd — UP NEWS (@upnews_network) July 20, 2026
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
