मुरादाबाद में भाजपा किसान नेता की संदिग्ध मौत, पेड़ से लटका मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
मुरादाबाद में भाजपा से जुड़े किसान नेता चंद्रपाल सिंह का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी से जुड़े किसान नेता चंद्रपाल सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। यह घटना बिलारी थाना क्षेत्र के डांडा गोविंदपुर गांव की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय चंद्रपाल सिंह के रूप में हुई है, जो गांव में भाजपा के बूथ अध्यक्ष भी थे। उनका शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक पॉपुलर के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस फिलहाल इस मामले में आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रात में घर से निकले, सुबह पेड़ पर मिला शव
जानकारी के मुताबिक चंद्रपाल सिंह मंगलवार रात अपने घर के पास बने दालान में सोने गए थे। देर रात वह अचानक वहां से गायब हो गए। सुबह जब गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ गए तो उन्होंने पेड़ पर शव लटका देखा। इसके बाद तुरंत परिवार के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बिलारी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या मानकर चल रही है, लेकिन परिवार के लोग इसे हत्या बता रहे हैं। मृतक के छोटे भाई वीरपाल सिंह और बेटे राजेश कुमार का कहना है कि चंद्रपाल सिंह की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है ताकि मामला आत्महत्या लगे। परिजनों के मुताबिक घटनास्थल के आसपास मोबाइल फोन, लाठी और कपड़े अलग-अलग जगह पड़े मिले। उनका कहना है कि सामान का इस तरह बिखरा होना संघर्ष की ओर इशारा करता है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि देर रात किसी परिचित व्यक्ति ने फोन करके चंद्रपाल सिंह को घर से बाहर बुलाया था।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
गांव के प्रधान राजेंद्र सिंह ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। पुलिस अब मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार उनसे किसने बात की थी। चंद्रपाल सिंह पिछले पांच वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए थे और खेती-किसानी के साथ राजनीति में भी सक्रिय थे। उनके परिवार में पत्नी विद्या देवी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई स्थानीय नेता गांव पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
