भाई की हत्या कर थाने पहुंचा आरोपी, बोला- गांव वालों ने मारा... पुलिस जांच में खुल गई पूरी साजिश
Uttar Pradesh News: बरेली के फरीदपुर में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। हत्या की रिपोर्ट लिखाने वाला भाई ही कातिल निकला। आरोपी ने बीमा क्लेम, संपत्ति और प्रेम प्रसंग के विवाद में अपने सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। जिस भाई ने थाने पहुंचकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही अपने सगे भाई का कातिल निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बीमा क्लेम और करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश के तहत अपने भाई की हत्या की थी। इतना ही नहीं, मृतक आरोपी के प्रेम प्रसंग में भी उसका साथ नहीं दे रहा था, जिससे दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी उमेश पाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
हत्या के बाद खुद ही पहुंचा था थाने
जानकारी के अनुसार फरीदपुर के गांव रायपुर हंस निवासी इन्द्रपाल सिंह की 30 अप्रैल की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया था। मृतक के भाई उमेश पाल सिंह ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए फरीदपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया। सर्विलांस टीम, एसओजी, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू की। शुरुआत में पुलिस उन्हीं लोगों पर शक कर रही थी, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कहानी बदलती चली गई।
ऐसे खुला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले, जिससे शक सीधे शिकायतकर्ता उमेश पाल सिंह पर जाने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब उसके सामने सबूत रखे गए तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन उसका भाई इन्द्रपाल इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से तनाव था। परिवार और समाज में भी इस मामले को लेकर बदनामी हो रही थी।
गांव वालों को फंसाने की थी साजिश
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने हत्या के बाद गांव के कुछ लोगों को फंसाने की योजना बनाई थी। इसी वजह से उसने खुद थाने जाकर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, ताकि पुलिस का शक दूसरी तरफ चला जाए।पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात उमेश पाल ने अपने भाई को गोली मार दी थी। हत्या के बाद वह खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए रोने-धोने का नाटक करता रहा। जांच और पूछताछ में उसकी पूरी साजिश सामने आ गई। क्षेत्राधिकारी अंजना दहिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
