डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या, वारदात के बाद फरार हुआ पति… 6 साल की बेटी मां के शव से लिपटकर रोती रही
बलिया के बसंतपुर गांव में पति ने घरेलू विवाद में पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। 6 साल की बेटी रातभर मां के शव के पास रोती रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद 6 साल की मासूम बेटी पूरी रात अपनी मां के शव के पास बैठकर रोती रही। वहीं आरोपी पति काफी देर तक वहीं बैठा रहा और बाद में मौका पाकर फरार हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामूली कहासुनी ने लिया खौफनाक रूप
पुलिस के अनुसार, बसंतपुर निवासी मिथुन साहनी की शादी वर्ष 2016 में पार्वती के साथ हुई थी। परिवार का जीवन सामान्य चल रहा था। 26 फरवरी की रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मिथुन ने आपा खो दिया और घर में रखे डंडे से पार्वती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से पार्वती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटी के सामने टूटा परिवार
वारदात के समय घर में उनकी 6 साल की बेटी भी मौजूद थी। उसे समझ नहीं आ रहा था कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। वह पूरी रात अपनी मृत मां के शव के पास बैठकर बिलखती रही। सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। इसी दौरान आरोपी पति वहां से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता की तहरीर पर मिथुन साहनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। 2 मार्च को सूचना मिली कि आरोपी जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की ओर जाने वाले रास्ते पर देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी का बयान
बलिया के पुलिस उपाधीक्षक मुहम्मद उस्मान ने बताया कि 27 फरवरी को हत्या की सूचना मिली थी। आरोपी पति ने घरेलू विवाद में डंडे से हमला कर पत्नी की जान ली। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
