अयोध्या में सरयू नदी में बड़ा हादसा, स्नान के दौरान तीन युवक लापता दो श्रद्धालुओं को बचाया गया

अयोध्या में सरयू नदी में स्नान करते समय एक भीषण दुर्घटना घटी। दो श्रद्धालुओं को बचा लिया गया जबकि तीन युवक लापता हो गए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं।

May 8, 2026 - 08:30
 0
अयोध्या में सरयू नदी में बड़ा हादसा, स्नान के दौरान तीन युवक लापता दो श्रद्धालुओं को बचाया गया

अयोध्या में सरयू नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लक्ष्मण घाट क्षेत्र में स्नान कर रहे पांच श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद जल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। लापता युवकों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल सरयू नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जन्मदिन मनाने अयोध्या आए थे युवक
जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद से पांच युवक एक किशोर का जन्मदिन मनाने के लिए अयोध्या पहुंचे थे। सभी लोग सरयू नदी के लक्ष्मण घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पांचों युवक नदी में उतर गए। बताया जा रहा है कि दो श्रद्धालु किनारे के पास थे, जिन्हें समय रहते बचा लिया गया, जबकि तीन युवक गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए।

जल पुलिस ने दो लोगों को सुरक्षित निकाला
घटना के दौरान घाट पर मौजूद जल पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दो श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों श्रद्धालु अमरोहा के निवासी बताए जा रहे हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम जुटी
तीनों लापता युवकों की तलाश के लिए प्रशासन ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुलाया है। जल पुलिस और अयोध्या पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। सरयू नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और गोताखोर युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं।

घाटों पर बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं से नदी में सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील की गई है। इस हादसे के बाद घाट क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।