ओ अंधेरे… तिलक वर्मा को ऐसा बोलते ही घिरे अर्शदीप सिंह, वायरल वीडियो पर कार्रवाई की मांग
Arshdeep Singh Viral Video: आईपीएल 2026 में अर्शदीप सिंह का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वह तिलक वर्मा के रंग को लेकर टिप्पणी करते नजर आए। वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर भारी विवाद शुरू हो गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का सफर इस बार काफी उतार-चढ़ाव भरा नजर आ रहा है। पिछले सीजन की उप-विजेता टीम ने नए सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। लगातार जीत के बाद ऐसा लग रहा था कि टीम फिर से फाइनल की मजबूत दावेदार बनेगी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। पंजाब किंग्स को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। खराब प्रदर्शन के साथ-साथ टीम कई विवादों को लेकर भी चर्चा में बनी हुई है। इन विवादों के केंद्र में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं। पहले व्लॉगिंग और गर्लफ्रेंड विवाद को लेकर चर्चा में आए अर्शदीप अब अपने साथी खिलाड़ी तिलक वर्मा के रंग को लेकर टिप्पणी करने के कारण सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना झेल रहे हैं।
वायरल वीडियो से मचा बवाल
गुरुवार 14 मई को आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में अर्शदीप सिंह और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा नजर आ रहे थे। वीडियो खुद अर्शदीप ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में अर्शदीप, तिलक वर्मा को आवाज लगाते हुए कहते हैं, ओ अंधेरे, इधर आ. सनस्क्रीन नहीं लगाई? जब तिलक ने कहा कि उन्होंने सनस्क्रीन लगाई है, तब अर्शदीप ने पास बैठे नमन धीर की ओर इशारा करते हुए पंजाबी में कहा कि इसे असली नूर यानी प्राकृतिक चमक कहते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे रंगभेद से जोड़ दिया और अर्शदीप सिंह की जमकर आलोचना शुरू हो गई।
?? oye andhere pic.twitter.com/iR9Z8DZxs0 — Out Of Context Cricket (@GemsOfCricket) May 14, 2026
सोशल मीडिया पर उठी कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अर्शदीप सिंह के व्यवहार को गलत बताया। लोगों का कहना है कि टीम इंडिया के साथी खिलाड़ी के रंग को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना बिल्कुल सही नहीं है। कई यूजर्स ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। फैंस का कहना है कि खिलाड़ियों को सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं अर्शदीप
यह पहला मौका नहीं है जब अर्शदीप सिंह विवादों में आए हों। हाल ही में उनके बनाए एक व्लॉग वीडियो में युजवेंद्र चहल फ्लाइट के अंदर वेपिंग करते नजर आए थे। उस वीडियो को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों को वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी थी। इसके अलावा हाल ही में बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की पार्टनर को टीम बस से अलग रखने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अर्शदीप सिंह अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ पंजाब किंग्स की टीम बस में नजर आए थे। अब इस नए विवाद के बाद एक बार फिर उनकी गतिविधियां सवालों के घेरे में आ गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
