दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दुखद कार दुर्घटना में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह परिवार माता वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इमरजेंसी सुविधाओं की कमी पर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, यह एक्सप्रेसवे देश के सबसे महंगे टोल वाले मार्गों में से एक है, लेकिन यहां इमरजेंसी सेवाओं की कमी सामने आई है। अगर कोई हादसा होता है तो मदद के लिए करीब 20 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे पहले भी नवंबर 2025 में राहुवास के पास एक कंटेनर में आग लगने से चालक की मौत हो चुकी है। वहीं 17 दिसंबर 2025 को पिनान क्षेत्र में पिकअप में आग लगने से तीन लोगों की जान चली गई थी।
देर से पहुंची मदद, बढ़ा नुकसान
बताया गया कि हादसे की सूचना रात करीब 11:15 बजे मिली, लेकिन फायर ब्रिगेड लगभग 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची। तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसा सशस्त्र सीमा बल के मौजपुर ट्रेनिंग सेंटर के पास हुआ, जहां चलती कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही सेकंड में वह आग का गोला बन गई।
सीएनजी किट बनी आग की वजह
कार में सीएनजी किट लगी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कार ड्राइवर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन बाकी परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद कार का लॉकिंग सिस्टम फेल हो गया, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके। एसएसबी के जवानों ने बचाव की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही लंबी दूरी तक कार चलने से तकनीकी खराबी भी कारण हो सकती है। इस हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
