यूपी में जाति देखकर चलता है बुलडोजर, अखिलेश यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी सरकार पर बुलडोजर कार्रवाई और फर्जी एनकाउंटर को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यूपी में जाति और धर्म देखकर कार्रवाई होती है और सरकार जनता पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए एनकाउंटर का इस्तेमाल कर रही है।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बुलडोजर कार्रवाई, फर्जी एनकाउंटर और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में न्याय मिलना मुश्किल हो गया है और सरकार अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बुलडोजर जाति देखकर चलाया जाता है और एनकाउंटर भी मर्जी के हिसाब से किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सच छिपाने की कोशिश कर रही है और अपनी ताकत के दम पर जनता तक सच्चाई नहीं पहुंचने देना चाहती।
हाथरस की घटना का भी किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने हाथरस की बेटी का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2020 में जो हुआ था, वैसी ही घटनाएं अब 2026 में भी देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि सरकार कई मामलों को छिपाने का प्रयास करती है। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं में भी परिवार के लोग और सामने आ रही खबरें यह संकेत देती हैं कि सरकार लगातार फर्जी एनकाउंटर कराने की साजिश करती रहती है।
मर्जी से हो रहा एनकाउंटर
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मर्जी के हिसाब से एनकाउंटर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये कार्रवाई वर्चस्व और डर का माहौल बनाने के लिए की जाती है। उन्होंने कहा कि असली मुठभेड़ और फर्जी एनकाउंटर में फर्क समझना जरूरी है। हिंसक और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है, लेकिन उसका दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर के जरिए लोगों की सोच को प्रभावित किया जा रहा है और समाज में हिंसा को सामान्य बनाने की कोशिश हो रही है।
PDA को डराने की कोशिश
सपा प्रमुख ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के खिलाफ एक बड़ा षड्यंत्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रही है और एनकाउंटर के जरिए PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जाति और धर्म देखकर कार्रवाई करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर किसी भी नाकाम सरकार की पहचान होते हैं। उनका कहना था कि इससे कानून व्यवस्था मजबूत नहीं होती, बल्कि हालात और खराब होते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
