नाले में मिला TMC नेता का शव, खेजुरी में फूंकी 60 दुकानें, अभिषेक बनर्जी ने BJP पर लगाया आरोप
TMC Leader Murder: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हुगली में टीएमसी नेता का शव मिलने से सनसनी फैल गई, जबकि खेजुरी में 60 से ज्यादा दुकानों में आगजनी हुई। टीएमसी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस जांच में जुटी है।
पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होने के बाद भी राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के अलग-अलग इलाकों से हिंसा, आगजनी और हमले की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच हुगली जिले के गोघाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस के नेता सहदेव बाग का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार ने इसे राजनीतिक हत्या बताते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरी तरफ पूर्वी मिदनापुर के खेजुरी इलाके में बड़े पैमाने पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटना ने हालात और तनावपूर्ण बना दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
नाले से मिला टीएमसी नेता का शव
जानकारी के अनुसार गोघाट थाना क्षेत्र के नकुंडा पंचायत के कोटा गांव में टीएमसी नेता सहदेव बाग का शव एक स्थानीय पार्टी कार्यालय के पास नाले से बरामद किया गया। उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि उनकी हत्या घर के पास की गई और बाद में शव को तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के पीछे फेंक दिया गया। 40 वर्षीय सहदेव बाग शनिवार से लापता थे। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पत्नी चीना बाग नकुंडा पंचायत की तृणमूल सदस्य हैं। परिवार का आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद से सहदेव को लगातार धमकियां मिल रही थीं।
शव के पास मिला हथियार जांच में जुटी पुलिस
मृतक की पत्नी ने बताया कि सहदेव शनिवार रात घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह उनका शव मिला, जिसके सिर पर गहरे चोट के निशान थे। शव के पास एक ‘मुगुर’ भी मिला है, जिसे हमले में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
खेजुरी में 60 से ज्यादा दुकानों में आगजनी
इधर पूर्वी मिदनापुर के खेजुरी क्षेत्र के हिजली शरीफ गांव में शनिवार रात आगजनी और तोड़फोड़ की बड़ी घटना सामने आई। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थित उपद्रवियों ने 60 से ज्यादा दुकानों को जला दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हिंदू और मुसलमान दोनों समुदायों की दुकानों को निशाना बनाया गया। अभिषेक ने इसे बंगाल की सामाजिक सद्भावना और लोकतांत्रिक माहौल पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि नफरत और डर की राजनीति से बंगाल कभी नहीं झुकेगा। हालांकि बीजेपी नेताओं ने कहा है कि वे किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करते। खेजुरी घटना पर पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
