15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाई क्रिकेट की दुनिया में तबाही, 11 गेंदों में ठोकी फिफ्टी, तोड़ा 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी ने दुनिया को बता दिया कि भारतीय क्रिकेट को नया सुपरस्टार मिल चुका है। जानिए कैसे वैभव ने रिकॉर्ड बुक ही बदल दी।
क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते भी हैं और टूटते भी हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं जिन्हें तोड़ने की कोई कल्पना भी नहीं करता। रविवार को भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा ही कारनामा कर दिखाया। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर 20 साल से कायम विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक में एक नया अध्याय जुड़ गया। सिर्फ 15 साल की उम्र में जिस अंदाज में वैभव ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोला, उसने यह साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट के दरवाजे पर एक नया विस्फोटक बल्लेबाज दस्तक दे चुका है।
29 गेंदों में ठोंके 94 रन
फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने केवल 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने जिन पहली पांच गेंदों का सामना किया, उनमें ही तीन चौके और दो छक्के जड़ दिए। इसके बाद श्रीलंका-ए के किसी भी गेंदबाज को संभलने का मौका नहीं मिला। महज 11 गेंदों में उनका अर्धशतक पूरा हो चुका था और मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मुड़ गया था।
20 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के बल्लेबाज कौशल्या वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 2005-06 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। यह रिकॉर्ड लगभग दो दशक तक अटूट माना जा रहा था, लेकिन वैभव ने उसे एक गेंद पहले ही तोड़ दिया। लिस्ट-ए क्रिकेट में घरेलू और वनडे इंटरनेशनल दोनों तरह के आधिकारिक 50 ओवर के मुकाबले शामिल होते हैं। यानी वैभव का यह रिकॉर्ड सिर्फ किसी एक टूर्नामेंट तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिस्ट-ए क्रिकेट का नया मानक बन गया है।
एबी डिविलियर्स का वनडे रिकॉर्ड अब भी कायम
हालांकि वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अभी भी दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज है। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ केवल 15 गेंदों में पचासा पूरा किया था । लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए क्रिकेट में उससे भी तेज बल्लेबाजी कर यह साबित कर दिया कि आने वाले समय में इंटरनेशनल रिकॉर्ड भी उनकी पहुंच से दूर नहीं हैं।
सबसे तेज बन सकता था शतक
वैभव की बल्लेबाजी इतनी विस्फोटक थी कि वह लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी करने की ओर बढ़ रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर मैकगर्क ने 29 गेंदों में शतक बनाया था और वैभव भी लगभग उसी रफ्तार से खेल रहे थे। लेकिन नौवें ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मिड-ऑफ पर कैच दे बैठे। अगर वह कुछ गेंद और टिक जाते तो क्रिकेट इतिहास का एक और रिकॉर्ड टूट सकता था।
आईपीएल से भारत-ए तक का किया सफर
वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ महीनों से लगातार चर्चा में हैं। आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से उन्होंने क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान खींचा था। उसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारत-ए टीम में चयन के रूप में मिला। अब श्रीलंका-ए के खिलाफ इस ऐतिहासिक पारी के बाद माना जा रहा है कि उनका सीनियर भारतीय टीम में प्रवेश ज्यादा दूर नहीं है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए उनका चयन पहले ही हो चुका है और क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि जल्द ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
