गंगा एक्सप्रेसवे पर दौड़ी यूपी रोडवेज की बसें, प्रयागराज से मेरठ का सफर हुआ आसान
UP Roadways News: यूपी रोडवेज ने गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रयागराज से मेरठ के बीच नई बस सेवा शुरू कर दी है। 839 रुपये किराए वाली इस सुविधा से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। जल्द ही नोएडा, गाजियाबाद और आनंद विहार तक सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी भी चल रही है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए सफर अब पहले से ज्यादा आसान और आरामदायक होने जा रहा है। यूपी रोडवेज यानी UPSRTC ने गंगा एक्सप्रेसवे को अपने रूट नेटवर्क में शामिल करते हुए नई बस सेवा की शुरुआत कर दी है। सोमवार से प्रयागराज और मेरठ के बीच सरकारी बसों का संचालन शुरू हो गया। इस नई सेवा से मेरठ, हापुड़, नोएडा और गाजियाबाद आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि लंबी दूरी के बावजूद किराया काफी किफायती रखा गया है। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में इस रूट को और शहरों तक बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज से सुबह रवाना हुई पहली बस
गंगा एक्सप्रेसवे पर बस संचालन की जिम्मेदारी प्रयागराज रीजन के लीडर रोड डिपो को दी गई है। इसी डिपो से सोमवार सुबह 10 बजे पहली बस को मेरठ के लिए रवाना किया गया। यह बस एक बार में 600 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। लंबे सफर को देखते हुए यात्रियों की सुविधा का भी खास ध्यान रखा गया है। रोडवेज की तरफ से बस में ठंडे पानी के केन की व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान परेशानी न हो। इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर कई जगह स्टॉपेज भी तय किए गए हैं, जहां यात्री उतरकर जलपान और नाश्ता कर सकेंगे।
किराया रखा गया किफायती
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार फिलहाल यह सेवा केवल प्रयागराज और मेरठ के बीच शुरू की गई है। इसलिए अभी सिर्फ इसी रूट का किराया तय किया गया है। प्रयागराज से मेरठ तक का किराया 839 रुपये रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में नोएडा और गाजियाबाद को भी इस बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इसके बाद इन शहरों के लिए अलग किराया सूची जारी की जाएगी।
नोएडा और गाजियाबाद जाने वालों के लिए विकल्प
अगर कोई यात्री फिलहाल प्रयागराज से नोएडा या गाजियाबाद जाना चाहता है तो उसके पास कई विकल्प मौजूद हैं। यात्री इस बस से मेरठ तक पहुंच सकते हैं और वहां से लोकल बस लेकर नोएडा या गाजियाबाद जा सकते हैं। इसके अलावा मेरठ पहुंचने के बाद यात्री हाई-स्पीड नमो भारत ट्रेन के जरिए गाजियाबाद और दिल्ली के आनंद विहार तक भी सफर कर सकते हैं। वहीं हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में उतरकर भी नोएडा और गाजियाबाद के लिए बसें आसानी से मिल सकती हैं।
जल्द शुरू होंगी दिल्ली और आनंद विहार के लिए सीधी बसें
यूपी रोडवेज अब प्रयागराज से सीधे गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली के आनंद विहार ISBT तक सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। अधिकारियों का मानना है कि इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेगा और गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर और ज्यादा सुविधाजनक बन जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
