फाइनल में हाई-वोल्टेज ड्रामा… खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की, आखिरी गेंद पर जीती मराठा रॉयल्स, अर्जुन तेंदुलकर की टीम हारी
T20 Mumbai 2026 Final: T20 मुंबई 2026 के फाइनल में मराठा रॉयल्स ने ARCS अंधेरी को 8 रन से हराकर लगातार दूसरा खिताब जीता। अर्जुन तेंदुलकर ने 2 विकेट लिए, लेकिन उनकी टीम हार गई। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण माहौल भी देखने को मिला।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 13 जून को खेले गए T20 मुंबई 2026 के फाइनल मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच, दबाव, जज्बा और खिलाड़ियों का आक्रोश सब कुछ देखने को मिला। डिफेंडिंग चैंपियन मराठा रॉयल्स और ARCS अंधेरी के बीच खेले गए इस मुकाबले का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर फाइनल जीतने का दबाव साफ दिखाई दे रहा था। यही कारण रहा कि मैदान पर कई बार गर्मागर्मी का माहौल भी बना। आखिरकार मराठा रॉयल्स ने 8 रन से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। अर्जुन तेंदुलकर ARCS अंधेरी की टीम का हिस्सा थे, लेकिन उनकी टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
अर्जुन तेंदुलकर ने लिए 2 विकेट
पहले बल्लेबाजी करते हुए मराठा रॉयल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से चिन्मय राजेश सुतर ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 52 गेंदों पर 61 रन बनाए। वहीं ARCS अंधेरी के लिए अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट लिए। अर्जुन ने सचिन मधुकर यादव और अयाज खान को आउट किया।
आखिरी ओवर में 14 रन बचाकर हीरो बने रोहन राजे
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ARCS अंधेरी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। मराठा रॉयल्स की ओर से रोहन राजे ने अंतिम ओवर फेंका और सिर्फ 5 रन दिए। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर मराठा रॉयल्स ने मैच 8 रन से जीत लिया। जीत तय होते ही रोहन राजे ने खुशी में अपनी जर्सी उतार दी और मैदान पर दौड़ने लगे। उनकी इस खुशी में टीम के अन्य खिलाड़ी भी शामिल हो गए।
Big fight in t20 Mumbai final!!
- Shivam Dube to rescue.🤯 pic.twitter.com/niaNJntnpM — Cricket Central (@CricketCentrl) June 14, 2026
रनचेज के दौरान भिड़ गए खिलाड़ी
ARCS अंधेरी की टीम 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 146 रन ही बना सकी। रनचेज के दौरान फाइनल का दबाव खिलाड़ियों पर साफ दिखाई दिया। 17.5 ओवर में तुषार देशपांडे ने शिवम दुबे को आउट किया। इसके बाद 18.3 ओवर में इरफान उमैर ने गौरव जाथर का विकेट झटक लिया। गौरव जाथर के आउट होते ही माहौल गरमा गया। गौरव और तुषार देशपांडे के बीच पहले जुबानी बहस हुई और फिर धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। स्थिति बिगड़ती देख ARCS अंधेरी के कप्तान शिवम दुबे डगआउट से दौड़कर मैदान पर पहुंचे और गौरव जाथर को अलग किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। हालांकि इस घटना ने दिखा दिया कि फाइनल मुकाबले का दबाव खिलाड़ियों पर कितना ज्यादा था। मराठा रॉयल्स ने इस जीत के साथ लगातार दूसरी बार T20 मुंबई लीग का खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि अर्जुन तेंदुलकर की टीम ARCS अंधेरी को रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
