सुमित गुप्ता आत्महत्या प्रकरण: नामजद आरोपी सतेंद्र सिंह यादव गिरफ्तार, जेल भेजा गया
लखीमपुर खीरी के भीरा में सुमित गुप्ता आत्महत्या मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी सतेंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है.
लखीमपुर खीरी जिले के भीरा क्षेत्र में चर्चित सुमित गुप्ता आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मैलानी थाना पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद आरोपी सतेंद्र सिंह यादव उर्फ ललतू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को लखीमपुर-शाहजहांपुर बॉर्डर के पास से पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
6 फरवरी को सामने आया था मामला
यह पूरा मामला 6 फरवरी का है। भीरा निवासी सुमित गुप्ता ने उस दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्षा के पति संजय शुक्ला समेत नौ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। सुमित ने आरोप लगाया था कि उन्हें बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था। वीडियो पोस्ट करने के कुछ ही समय बाद सुमित गुप्ता ने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और लोगों में गहरा दुख और नाराजगी देखी गई थी।
पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद मृतक की पत्नी प्रियंका गुप्ता ने मैलानी थाने में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी मैलानी थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई है। उन्होंने कहा कि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है और पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
निष्पक्ष जांच का आश्वासन
पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है। क्षेत्र के लोग भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
