सुल्तानपुर में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, फायरिंग में एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर
सुल्तानपुर के जनऊपुर गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फायरिंग में दो भाइयों को गोली लगी, जिसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के जनऊपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में गोलीबारी हो गई। इस घटना में दो सगे भाइयों को गोली लग गई। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सुबह बच्चों के बीच हुआ था झगड़ा
जानकारी के अनुसार जनऊपुर गांव के निवासी वीरेंद्र प्रताप सोनकर होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। गुरुवार सुबह उनके बेटे मोहित सोनकर का गांव के ही रमेश सोनकर के बेटे के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन शाम होते-होते यह विवाद फिर से भड़क उठा।
लाठी-डंडों और असलहों के साथ पहुंचे आरोपी
बताया जा रहा है कि देर शाम रमेश सोनकर अपने बेटे और घर की महिलाओं के साथ लाठी-डंडे और असलहा लेकर वीरेंद्र सोनकर के घर पहुंच गया। वहां पहुंचकर उन्होंने विवाद शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख वीरेंद्र की पत्नी शारदा सोनकर ने अपने बेटों को घर के अंदर कर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसी दौरान विवाद को शांत कराने के लिए मंगल की पत्नी बाहर आई, लेकिन आरोपियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल उठा गांव
जब परिवार के अन्य लोग बाहर आए तो पहले से तैयार रमेश सोनकर के बेटे भोलू और उसके साथियों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इस गोलीबारी में वीरेंद्र सोनकर के दोनों बेटे मोहित सोनकर और मंगल सोनकर को गोली लग गई। इसके अलावा वीरेंद्र सोनकर, उनकी पत्नी शारदा सोनकर समेत तीन अन्य लोग भी घायल हो गए।
एक भाई की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान मोहित सोनकर की मौत हो गई। वहीं दूसरे भाई मंगल सोनकर की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रमेश सोनकर का बेटा भोलू गांव में गांजा बेचने का काम करता है और अक्सर दबंगई करता रहता है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। अस्पताल पहुंची पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
