रील्स बनाने से रोका तो तीन बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार हो गई पत्नी… 90 हजार रुपये और जेवर लेकर गई, अब इंसाफ के लिए भटक रहा पति
Uttar Pradesh News: श्रावस्ती में इंस्टाग्राम रील्स को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला तीन बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति का आरोप है कि वह 90 हजार रुपये नकद, जेवर और मोबाइल भी साथ ले गई। मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Shravasti News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया की बढ़ती लत और उसके पारिवारिक जीवन पर पड़ने वाले असर को लेकर नई बहस छेड़ दी है। यहां एक पति को अपनी पत्नी को इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने से रोकना भारी पड़ गया। आरोप है कि पत्नी इस बात से नाराज हो गई और अपने तीन छोटे बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इतना ही नहीं, वह घर में रखी नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई। अब पीड़ित पति न्याय की उम्मीद में थाने के चक्कर लगा रहा है।
इंस्टाग्राम रील्स को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह मामला श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के भंवरी भगवानपुर गांव का है। पीड़ित पति के अनुसार, उसकी पत्नी दिन-रात इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने में व्यस्त रहती थी। पति का कहना है कि उसने कई बार पत्नी को समझाया कि वह बच्चों और परिवार पर ध्यान दे तथा समाज में होने वाली चर्चा का भी ख्याल रखे। लेकिन पति की यह बात पत्नी को पसंद नहीं आई। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और बाद में पत्नी ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया।
90 हजार रुपये, जेवर और मोबाइल लेकर हुई फरार
पति का आरोप है कि पत्नी मौका मिलने पर घर से करीब 90 हजार रुपये नकद, कीमती जेवरात और मोबाइल फोन लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वह अपने तीन मासूम बच्चों को घर पर ही छोड़ गई। पत्नी के जाने के बाद बच्चों की पूरी जिम्मेदारी अब पति पर आ गई है। वह अकेले ही बच्चों की देखभाल कर रहा है और अपनी पत्नी की तलाश के लिए पुलिस से मदद मांग रहा है।
पत्नी जहां रहना चाहे रहे
पीड़ित पति ने इकौना थाने में कई बार प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि यदि उसकी पत्नी अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ रहना चाहती है तो उसे इस पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि वह चाहता है कि घर से ले जाए गए रुपये और जेवर वापस दिलाए जाएं। साथ ही वह यह भी चाहता है कि पुलिस रिकॉर्ड में यह दर्ज हो जाए कि भविष्य में पत्नी के साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी जिम्मेदारी उस पर न डाली जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
