चंदौली में तैनात SDM दंपती के बीच विवाद गहराया, पत्नी के पिता ने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया
दिव्या ओझा के पिता की शिकायत के बाद एसडीएम अनुपम मिश्रा और उनके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश पीसीएस अधिकारी विवाद की पूरी जानकारी जानें।
उत्तर प्रदेश के चंदौली में तैनात एसडीएम दंपती के बीच पारिवारिक विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। एसडीएम दिव्या ओझा के पिता ने प्रतापगढ़ के महिला थाने में उनके पति अनुपम मिश्रा और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही दिव्या को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले ने प्रशासनिक महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि दोनों ही अधिकारी राज्य सेवा में तैनात हैं।
पति-पत्नी दोनों हैं PCS अधिकारी
जानकारी के अनुसार, अनुपम मिश्रा और दिव्या ओझा दोनों पीसीएस अधिकारी हैं। दिव्या ओझा 2017 बैच की अधिकारी हैं और उनकी तैनाती सदर तहसील में है, जबकि अनुपम मिश्रा 2019 बैच के अधिकारी हैं और पीडीडीयू नगर तहसील में तैनात हैं। दोनों के बीच चल रहा विवाद अब सार्वजनिक हो गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।
शादी के बाद से शुरू हुआ विवाद
दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा, जो प्रतापगढ़ के शुकुलपुर दहिलामऊ के निवासी और पूर्व प्राचार्य हैं, उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में अपनी बेटी की शादी प्रयागराज के नैनी निवासी अनुपम मिश्रा से की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के दौरान 20 करोड़ रुपये दहेज की मांग की गई थी। हालांकि, अपनी क्षमता के अनुसार उन्होंने सगाई से पहले 38 लाख रुपये, 40 लाख रुपये के जेवर और करीब 7 लाख रुपये का सामान दिया था।
दहेज के लिए प्रताड़ना और जानलेवा हमले के आरोप
पिता का आरोप है कि शादी के बाद उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान लेने की कोशिश भी की गई। दिसंबर 2025 में रात करीब दो बजे दिव्या पर जानलेवा हमला किया गया। इसके अलावा उन्हें करियर खराब करने की धमकी भी दी गई।
तंत्र-मंत्र और तलाक को लेकर भी आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि दिव्या पर तंत्र-मंत्र किया गया और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया। तलाक की बात करने पर उन्हें 20 साल तक तलाक न देने की धमकी दी गई। साथ ही उनके गहने, कपड़े और अन्य सामान ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में रख लिए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि दिव्या ओझा के पिता की तहरीर पर अनुपम मिश्रा और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
