मेरठ से गाजियाबाद तक AAP की बड़ी पदयात्रा, संजय सिंह ने BJP पर बोला हमला, पेपर लीक से लेकर महंगाई तक उठाए सवाल
Sanjay Singh: मेरठ में आम आदमी पार्टी की रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो पदयात्रा की शुरुआत हुई। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक भेदभाव को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और देश में नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए।
AAP Uttar Pradesh: आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो पदयात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत की। क्रांति की धरती कहे जाने वाले मेरठ के कमिश्नरी पार्क से शुरू हुई इस पदयात्रा को जनता का बड़ा समर्थन मिला। पदयात्रा शुरू होने से पहले शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद एक विशाल जनसभा आयोजित हुई, जहां जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ संजय सिंह का स्वागत किया। यह पदयात्रा 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक निकाली जाएगी। आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस यात्रा का मकसद युवाओं, बेरोजगारों, छोटे व्यापारियों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाना है।
पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं का भविष्य खराब कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि NEET समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं। संजय सिंह ने कहा कि इन घटनाओं से करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। अगर उनके परिवारों को भी जोड़ लिया जाए तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि युवा मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं से उनका भरोसा टूट रहा है।
रोजगार, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा उठाया
संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा रोजगार, सरकारी नौकरियों और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। इसके साथ ही रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों की आवाज भी उठाई जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार चल रही बुलडोजर कार्रवाई से गरीब और छोटे कारोबारियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। आम आदमी पार्टी ऐसे लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है।
सामाजिक न्याय और दलित उत्पीड़न पर भी बोले
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि आज भी देश में जाति के आधार पर भेदभाव और दलित उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कहीं दलितों को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता, तो कहीं मंदिर की सीढ़ियों पर अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान हर नागरिक को सम्मान और बराबरी का अधिकार देता है। आम आदमी पार्टी इसी संवैधानिक अधिकार की लड़ाई लड़ रही है।
महंगाई और नफरत की राजनीति पर भी उठाए सवाल
संजय सिंह ने पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 20 से 30 डॉलर प्रति बैरल था, तब भी जनता को महंगा पेट्रोल-डीजल बेचा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद अडानी समूह ने गैस के दाम तीन गुना तक बढ़ा दिए। उन्होंने कहा कि देश में नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए। उनके अनुसार अरविंद केजरीवाल शिक्षा, स्वास्थ्य और मुफ्त सुविधाओं की राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
