प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा फिर बंद, वृंदावन पहुंचे भक्तों में बढ़ी चिंता
Premanand Maharaj: वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। सेवकों ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है। पिछले दो दिनों से दर्शन नहीं होने के कारण भक्तों में चिंता और मायूसी का माहौल है। श्रद्धालु महाराज के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
वृंदावन में राधा रानी के अनन्य भक्त माने जाने वाले प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा एक बार फिर बंद होने की खबर सामने आई है। इस खबर के बाद देशभर के श्रद्धालुओं में चिंता और मायूसी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते उनकी पदयात्रा को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सेवकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी कारण बताए जा रहे हैं। पिछले दो दिनों से महाराज के दर्शन नहीं होने के कारण वृंदावन पहुंचे श्रद्धालु काफी परेशान दिखाई दिए।
रोजाना बड़ी संख्या में शामिल होते हैं श्रद्धालु
प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए देशभर से लाखों भक्त वृंदावन पहुंचते हैं। प्रतिदिन सुबह होने वाली उनकी पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। भक्त महाराज की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से महाराज की पदयात्रा नहीं होने के कारण भक्तों के बीच चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोभर ऋषि कुंड पहुंचे थे। रोजाना की तरह लोग पदयात्रा शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक महाराज नहीं पहुंचे।
सेवकों ने बताया स्वास्थ्य कारण
काफी देर इंतजार के बाद सेवकों की ओर से श्रद्धालुओं को जानकारी दी गई कि महाराज स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण पदयात्रा में शामिल नहीं होंगे। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य के अलावा कुछ अन्य विशेष कारण भी हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि महाराज का स्वास्थ्य फिलहाल सामान्य है, लेकिन डॉक्टरों की सलाह और आराम की जरूरत को देखते हुए पदयात्रा रोकी गई है। इससे पहले भी स्वास्थ्य कारणों की वजह से उनकी पदयात्रा कुछ समय के लिए बंद की जा चुकी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज की तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं है और इसी वजह से पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि जब पदयात्रा दोबारा शुरू होगी, तब इसकी सूचना भक्तों को दे दी जाएगी। हालांकि अभी तक आश्रम या सेवकों की तरफ से कोई औपचारिक लिखित घोषणा सामने नहीं आई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल रही है।
भक्तों ने की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
महाराज के दर्शन नहीं होने से वृंदावन पहुंचे श्रद्धालुओं में मायूसी साफ दिखाई दी। कई भक्तों ने राधा रानी से प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। भक्तों का कहना है कि महाराज की पदयात्रा उनके लिए सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आध्यात्मिक शांति का माध्यम है। ऐसे में श्रद्धालु अब उनके जल्द स्वस्थ होकर दोबारा पदयात्रा शुरू करने का इंतजार कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
