कॉल-मैसेज का जवाब नहीं मिला तो आधी रात छात्राओं के कमरे में घुसा लॉज मालिक का बेटा, जमकर की मारपीट
प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्राओं के साथ लॉज मालिक के बेटे द्वारा मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। छात्राओं ने आरोपी पर बदसलूकी, धमकी और जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। शिवकुटी थाना क्षेत्र के शंकर घाट इलाके में लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही दो छात्राओं ने लॉज मालिक के बेटे पर मारपीट, बदसलूकी और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। छात्राओं का आरोप है कि आरोपी कई दिनों से उन्हें परेशान कर रहा था और घटना वाली रात उसने हद पार कर दी।
कई दिनों से फोन और मैसेज कर रहा था परेशान
पीड़ित 27 वर्षीय छात्रा अमेठी की रहने वाली है और प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। छात्रा ने हाल ही में एसएससी जूनियर असिस्टेंट की परीक्षा भी पास की है। आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा शुभम द्विवेदी पिछले करीब 10 दिनों से लगातार फोन कॉल और मैसेज कर छात्रा को परेशान कर रहा था। छात्रा का कहना है कि शुभम उस पर गलत नजर रखता था और बार-बार संपर्क करने की कोशिश करता था।
रात 2 बजे कमरे के बाहर पहुंचा आरोपी
पीड़िता के मुताबिक 18 मई की रात शुभम ने कई बार कॉल और मैसेज किए, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह रात करीब 2 बजे छात्रा के कमरे के बाहर पहुंच गया। आरोप है कि उसने दरवाजा पीटना शुरू कर दिया। जब दरवाजा नहीं खोला गया तो उसने बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद छात्रा ने पास में रहने वाली दूसरी छात्रा को फोन कर मदद मांगी। वायरल वीडियो में आरोपी छात्राओं के बाल पकड़कर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। छात्राओं का आरोप है कि घटना के समय शुभम शराब के नशे में था।
चाकू और टूटे गिलास से हमले का आरोप
छात्राओं ने आरोप लगाया कि शुभम ने दूसरी छात्रा और उसकी बहन के कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया था। शोर सुनकर आरोपी की मां मौके पर पहुंचीं और दरवाजा खुलवाया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। पीड़िताओं का कहना है कि शुभम ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और बाद में किचन से चाकू लेकर हमला करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, पुलिस के पहुंचने के बाद भी उसने टूटे हुए गिलास से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी गिरफ्तार
छात्राओं की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शुभम द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे कोर्ट से जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो समेत सभी सबूतों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
