NEET UG में बड़ा बदलाव… अब पेन-पेपर नहीं, कंप्यूटर पर होगा टेस्ट; 21 जून की परीक्षा के लिए बदले कई नियम
नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब परीक्षा ऑनलाइन मोड में होगी। छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय, परीक्षा शहर बदलने की सुविधा और बस-ट्रेन व्यवस्था जैसी बड़ी राहत दी गई है।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। पेपर लीक विवाद और छात्रों की परेशानियों के बाद अब सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया को और सुरक्षित और आसान बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने साफ कहा है कि सरकार किसी भी कीमत पर परीक्षा माफियाओं को छात्रों का भविष्य खराब नहीं करने देगी। इसी वजह से अगले साल से नीट यूजी परीक्षा ऑनलाइन मोड यानी सीबीटी पैटर्न पर कराई जाएगी। वहीं 21 जून को होने वाली नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सरकार का फोकस अब स्टूडेंट फर्स्ट और जीरो टॉलरेंस नीति पर है ताकि उम्मीदवारों का भरोसा दोबारा जीता जा सके।
ऑनलाइन मोड में होगी NEET UG परीक्षा
सरकार ने फैसला लिया है कि अगले साल से नीट यूजी परीक्षा ऑनलाइन मोड यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) पैटर्न पर आयोजित होगी। यह फैसला पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने और परीक्षा प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए लिया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि कोई परीक्षा माफिया किसी मेहनती छात्र की सीट छीन ले। इसलिए परीक्षा सिस्टम में बड़े बदलाव जरूरी थे।
छात्रों को मिलेगा शहर बदलने का विकल्प
एनटीए ने उन छात्रों को राहत दी है जो कोचिंग छोड़कर अपने घर वापस जा चुके हैं। अब उम्मीदवारों को एक सप्ताह का समय मिलेगा, जिसमें वे अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुन सकेंगे। अगर कोई छात्र पहले कोटा में रह रहा था और अब मुंबई या पटना में है, तो वह अपने नजदीकी शहर को चुन सकेगा। इसके लिए जल्द ही नई विंडो खोली जाएगी। इसी आधार पर 14 जून तक एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
परीक्षा समय बढ़ा, अब मिलेगा 15 मिनट अतिरिक्त
उम्मीदवारों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए परीक्षा की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। अब नीट यूजी परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। यानी छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे उम्मीदवार बिना घबराहट के प्रश्नपत्र को अच्छे से पढ़ सकेंगे और आराम से जवाब लिख पाएंगे।
बस और ट्रेन सुविधा पर राज्यों से बातचीत
सरकार ने छात्रों के यात्रा खर्च को लेकर भी बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर उम्मीदवारों के लिए बस और विशेष ट्रेन की व्यवस्था करने पर काम करेगी। इसका उद्देश्य यह है कि छात्रों और उनके परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। एनटीए ने साफ कहा है कि परीक्षा फीस पहले जैसी ही रहेगी और बाकी अतिरिक्त खर्च एजेंसी खुद संभालेगी।
बारिश और गर्मी के लिए तैयार रहेगा प्लान-बी
जून के अंत में होने वाली परीक्षा के दौरान गर्मी और बारिश को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सरकार ने परीक्षा केंद्रों पर बैकअप प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। खराब मौसम की स्थिति में भी छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सिस्टम सुधारने की तैयारी में सरकार
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने माना कि एनटीए में कुछ कमियां हैं, जिन्हें सुधारने के लिए लगातार कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब एनटीए योग्य लोगों के हाथों में है और परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की तैयारी चल रही है। 21 जून को होने वाला यह टेस्ट केवल परीक्षा नहीं, बल्कि छात्रों का विश्वास वापस जीतने की कोशिश भी माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
