पूरा थाना बिक चुका है... महिला दरोगा का बड़ा आरोप, ससुर पर रेप केस दर्ज करने में पुलिस ने लगाए 4 दिन
Uttar Pradesh News: लखनऊ में एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर रेप का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि पुलिस ने चार दिन तक एफआईआर दर्ज नहीं की और उसे धमकाया गया। मामला सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पुलिस विभाग को कटघरे में खड़ा करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला दरोगा ने अपने ही ससुर पर रेप का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस लगातार मामला दर्ज करने में टालमटोल करती रही। महिला अफसर ने आरोप लगाया कि वह पिछले चार दिनों से थाने और चौकी के चक्कर काट रही थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, उसका मेडिकल तक नहीं कराया गया। मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और एफआईआर दर्ज करने की बात कही गई।
4 दिन तक थाने के लगाती रही चक्कर
पीड़ित महिला दरोगा के मुताबिक, वह लगातार लखनऊ के पारा थाने और हंस खेड़ा चौकी के चक्कर लगा रही थी। उसने आरोप लगाया कि पुलिस उससे बार-बार सबूत मांग रही थी और शिकायत दर्ज करने से बच रही थी। महिला अफसर का कहना है कि उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला दरोगा ने बताया कि उसे इस बात की सबसे ज्यादा तकलीफ है कि वह खुद पुलिस विभाग में नौकरी करती है, फिर भी उसे इंसाफ पाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उसने कहा कि अगर एक पुलिसकर्मी की यह हालत है, तो आम लोगों के साथ क्या होता होगा।
चौकी इंचार्ज पर धमकाने का आरोप
पीड़िता ने हंस खेड़ा चौकी इंचार्ज पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला दरोगा का कहना है कि जब उसने अपनी शिकायत बताई, तो मदद करने के बजाय उसे धमकाया गया। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उसे कमरे में बंद कर कहा कि तुम्हारी नौकरी खा जाएंगे। महिला अफसर ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे थे। उसने नाराजगी जताते हुए कहा कि पूरा थाना बिक चुका है और मुझे न्याय मिलने की उम्मीद खत्म होती जा रही थी।
मामला बढ़ने पर पुलिस ने दर्ज की FIR
इस पूरे मामले ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ने के बाद लखनऊ पुलिस ने एक्स पर जवाब देते हुए कहा कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर भी बहस तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
