40 रुपए के बन ने खोल दी फर्जी IPS की पोल, लखनऊ में पुलिसवालों को दिखाया भौकाल, जानिए कैसे हुआ पर्दाफाश 

लखनऊ के गोल चौराहे पर 40 रुपए के बन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में हाई-प्रोफाइल ड्रामे में बदल गया। खुद को नोएडा का IPS अधिकारी बताकर पुलिस पर रौब झाड़ने वाले शख्स की असलियत तब सामने आई, जब पुलिस ने उससे सिर्फ एक सवाल पूछा। पढ़िए कैसे एक बन, एक सैल्यूट और एक झूठ ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

Jun 16, 2026 - 13:23
Jun 16, 2026 - 13:23
 0
40 रुपए के बन ने खोल दी फर्जी IPS की पोल, लखनऊ में पुलिसवालों को दिखाया भौकाल, जानिए कैसे हुआ पर्दाफाश 

लखनऊ के महानगर इलाके में सोमवार रात एक मामूली विवाद ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया। गोल चौराहे स्थित एक दुकान पर 40 रुपए का बन खाने के बाद एक व्यक्ति बिना भुगतान किए कार में बैठकर जाने लगा। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो उसने खुद को नोएडा में तैनात IPS अधिकारी बताते हुए रौब झाड़ना शुरू कर दिया। हालांकि कुछ ही मिनटों बाद पुलिस ने उसकी पूरी कहानी का पर्दाफाश कर दिया।

दुकानदार ने मांगे पैसे तो शुरू कर दिया विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लाल रंग की कार में सवार चार लोग दुकान पर पहुंचे थे। इनमें से एक व्यक्ति ने बन खाया। भुगतान की बारी आने पर उसने पहले दुकानदार से उसका नाम और दुकान के मालिक के बारे में पूछा। जवाब मिलने के बाद वह बिना पैसे दिए कार में बैठ गया और दुकानदार को कार्रवाई की धमकी देने लगा। इसी बीच दुकान से एक कर्मचारी क्यूआर कोड लेकर भुगतान कराने पहुंचा, लेकिन आरोपी लगातार बहस करता रहा। आखिरकार दुकानदार ने डायल-112 पर सूचना दे दी।

पुलिसवालों को दिखाया भौकाल 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने कार सवार लोगों को नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट पहने व्यक्ति ने खुद को नोएडा में तैनात IPS अधिकारी बताते हुए कहा कि वह निरीक्षण पर आया है और पहले उसे सैल्यूट किया जाए। जब पुलिसकर्मियों ने पहचान पत्र दिखाने को कहा तो वह और अधिक रौब झाड़ने लगा। वह पुलिसकर्मियों की नेम प्लेट पढ़कर उनके नाम लेने लगा और कार्रवाई कराने की धमकी देने लगा। जिसके बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जब आरोपी से पहचान संबंधी दस्तावेज और तैनाती की पुष्टि करनी चाही तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

मिथलेश शुक्ला के रूप में हुई आरोपी की पहचान
महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय मिथलेश शुक्ला के रूप में हुई है। वह मड़ियांव थाना क्षेत्र के भारत नगर का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को नोएडा में तैनात IPS अधिकारी बताया था, लेकिन जांच में उसका दावा पूरी तरह झूठा निकला। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह फर्जी पहचान का इस्तेमाल कब से कर रहा था और उसका उद्देश्य क्या था। मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट -: संदीप शुक्ला 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0