लखनऊ के सीएनजी पंप पर दबंगई, कतार तोड़ने का विरोध करने पर परिवार को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

लखनऊ के अलीगंज में सीएनजी पंप पर कतार तोड़ने का विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस ने जांच शुरू की।

May 9, 2026 - 10:07
 0
लखनऊ के सीएनजी पंप पर दबंगई, कतार तोड़ने का विरोध करने पर परिवार को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में देर रात एक सीएनजी पंप पर दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कतार में लगे एक परिवार ने जब लाइन तोड़कर आगे घुसने का विरोध किया, तो कुछ युवकों और महिलाओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

सीएनजी भरवाने पहुंचे थे परिवार के लोग
जानकारी के अनुसार, सीतापुर रोड स्थित महाराजा अग्रसेन नगर निवासी अनुपम जैन अपनी बहन प्रिया जैन और बहनोई रिषभ अग्रवाल के साथ कार में सीएनजी भरवाने गए थे। यह घटना रात करीब 11:30 बजे अलीगंज स्थित ‘ग्रीन गैस लिमिटेड’ सीएनजी स्टेशन पर हुई। परिवार अपनी बारी का इंतजार करते हुए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की टाटा पंच कार, जिसका नंबर UP32 QD 8695 बताया गया है, अचानक कतार तोड़कर उनके आगे आकर खड़ी हो गई। परिवार ने जब इसका विरोध किया तो कार में सवार लोग भड़क गए।

विरोध करने पर शुरू हुई मारपीट
पीड़ित अनुपम जैन ने थाना मड़ियांव में दी गई तहरीर में बताया कि कार में सवार युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि सभी युवक नशे की हालत में थे। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अनुपम जैन, उनकी बहन और बहनोई के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और गाड़ी नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं आम लोगों में डर पैदा कर रही हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।