आग में झुलसी दुल्हन, अस्पताल पहुंचा दूल्हा… कानपुर में हुई ऐसी शादी जिसने हर किसी को कर दिया भावुक
Uttar Pradesh News: कानपुर के घाटमपुर में आग में झुलसी दुल्हन गरिमा से दूल्हे विकास ने अस्पताल में शादी कर इंसानियत और सच्चे प्यार की मिसाल पेश की। अस्पताल को मंडप बनाकर दोनों ने सात फेरे लिए। यह भावुक शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ऐसी भावुक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। घाटमपुर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद जहां एक परिवार गहरे सदमे में था, वहीं दूल्हे ने इंसानियत और सच्चे प्यार की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी अब पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। आग में गंभीर रूप से झुलसी दुल्हन गरिमा का इलाज कानपुर के जाजमऊ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इसी बीच दूल्हे विकास ने शादी टालने के बजाय अस्पताल पहुंचकर वहीं शादी करने का फैसला किया। अस्पताल प्रशासन और परिवार की मदद से अस्पताल को ही शादी के मंडप में बदल दिया गया। परिवार, रिश्तेदारों और अस्पताल स्टाफ की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।
अस्पताल में सजा शादी का मंडप
गुरुवार देर रात दूल्हा विकास जयमाला लेकर अस्पताल पहुंचा। गंभीर रूप से घायल गरिमा को सहारे से सोफे पर बैठाया गया। इसके बाद अस्पताल में ही शादी की रस्में शुरू हुईं। परिवार के लोगों और अस्पताल स्टाफ ने इस खास पल को यादगार बनाने में पूरा सहयोग दिया। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर शादी की रस्म पूरी की। इस दौरान अस्पताल का माहौल भावुक हो गया। वहां मौजूद कई लोगों की आंखें भर आईं। अस्पताल का स्टाफ भी इस शादी में बाराती और घराती की भूमिका निभाता नजर आया।
पिता बोले- दामाद ने मुश्किल समय में साथ निभाया
दुल्हन गरिमा के पिता जगदीश ने बताया कि हादसे के बाद वह पूरी तरह टूट चुके थे। उन्हें लग रहा था कि अब बेटी की शादी कैसे होगी। लेकिन दामाद विकास ने हर मुश्किल घड़ी में परिवार का साथ दिया। उन्होंने कहा कि विकास ने वादा किया है कि वह हर हाल में गरिमा का साथ निभाएगा। डॉक्टरों के मुताबिक गरिमा का इलाज अभी जारी है और उसे पूरी तरह ठीक होने में करीब 10 दिन लग सकते हैं। स्वस्थ होने के बाद उसकी विदाई की जाएगी।
मेहंदी समारोह में लगी थी आग
दरअसल 13 मई को घाटमपुर के जगन्नाथपुर गांव में गरिमा के मेहंदी समारोह के दौरान गैस रिसाव की वजह से अचानक आग लग गई थी। आग लगने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान भट्टी पर रखा गर्म तेल कई लोगों पर गिर गया, जिससे करीब 12 लोग झुलस गए थे। इस हादसे में दुल्हन गरिमा और उसके पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिवार शादी को लेकर चिंता और सदमे में था।
दूल्हे के फैसले की हो रही तारीफ
हादसे के बाद दूल्हे विकास ने बारात गांव ले जाने के बजाय अस्पताल पहुंचने का फैसला किया। उसने साफ कहा कि वह हर हाल में गरिमा से ही शादी करेगा और उसके ठीक होने तक उसका साथ निभाएगा। अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग दूल्हे के इस फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
