Instagram चैट पर शुरू हुआ झगड़ा, पत्नी की ले ली जान, दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया आरोपी
गुजरात के सूरत में इंस्टाग्राम चैट को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
गुजरात के सूरत से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां इंस्टाग्राम पर दूसरी युवती से बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में पति ने अपनी ही पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से उसे दिल्ली के पुराने रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
प्रेम संबंध के बाद हुई थी शादी
मृतका की पहचान 22 वर्षीय मेवीश खातून के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम शिवम रंजीत सिंह ठाकुर बताया गया है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर जिले के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि जब मेवीश नाबालिग थी, तब शिवम उसे अपने साथ भगा ले गया था। उस दौरान उसके खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ था। बाद में मेवीश के बालिग होने पर दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली थी और पिछले तीन साल से साथ रह रहे थे।
फ्लैट में मिला था महिला का शव
करीब तीन महीने पहले दोनों सूरत के बगुमरा गांव स्थित महादेव विला अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहने आए थे। 17 मई 2026 को मेवीश का शव फ्लैट के अंदर संदिग्ध हालत में मिला था। शुरुआत में इसे सामान्य मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
इंस्टाग्राम चैटिंग को लेकर हुआ विवाद
पुलिस जांच में पता चला कि घटना के बाद से ही पति शिवम फरार था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन ट्रैक की। इसके आधार पर आरोपी की लोकेशन दिल्ली में मिली। सूरत ग्रामीण लोकल क्राइम ब्रांच और पलसाणा पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली के पुराने रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह इंस्टाग्राम पर दूसरी युवती से लगातार बातचीत करता था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच जमकर बहस हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
