16 रन पर 2 विकेट गिरे, फिर ऋतुराज-तिलक ने मचा दिया धमाल, इंडिया ए ने श्रीलंका को दिया 278 रन का लक्ष्य
Ruturaj Gaikwad Century: श्रीलंका ए के खिलाफ वनडे ट्राएंगुलर सीरीज के पहले मैच में इंडिया ए ने 277 रन बनाए। शुरुआती तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ के शतक और तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी ने टीम को संभाला। अंत में आयुष बडोनी और सूर्यांश शेडगे ने तेजी से रन जोड़े।
India A vs Sri Lanka A: भारत ए के श्रीलंका दौरे की शुरुआत रोमांचक अंदाज में हुई है। वनडे ट्राएंगुलर सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ए और श्रीलंका ए आमने-सामने थे। मैच के शुरुआती ओवरों में ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर भारत ए को पहले बल्लेबाजी के लिए भेजने का फैसला सही साबित कर दिया है। भारतीय टीम ने सिर्फ 16 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद प्रियांश आर्या का विकेट भी जल्दी गिर गया और टीम 69 रन पर तीन बड़े झटके झेल चुकी थी। हालांकि इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का पूरा रुख बदल दिया और भारत ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
ऋतुराज और तिलक ने संभाली पारी
तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी ने न सिर्फ भारतीय पारी को संभाला बल्कि श्रीलंका ए की शुरुआती सफलता का असर भी खत्म कर दिया। इस दौरान ऋतुराज गायकवाड़ ने अपना 21वां लिस्ट ए शतक पूरा किया। उन्होंने 113 गेंदों पर 101 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं तिलक वर्मा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 97 गेंदों पर 60 रन बनाए। यह उनके लिस्ट ए करियर का 11वां अर्धशतक रहा। उनकी पारी में 2 चौके और 1 छक्का शामिल था।
आयुष और सूर्यांश ने अंत में दिखाई तेजी
ऋतुराज और तिलक के विकेट सात गेंदों के अंतराल पर गिर गए, लेकिन इसके बाद आयुष बडोनी और सूर्यांश शेडगे ने तेजी से रन बटोरकर टीम को बड़ा स्कोर दिलाया। आयुष बडोनी ने 18 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने सिर्फ 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी का ही नतीजा रहा कि भारत ए की टीम 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाने में सफल रही। अब श्रीलंका ए के सामने जीत के लिए 278 रन का लक्ष्य है। शुरुआती दबाव से निकलकर भारत ए ने जिस तरह वापसी की, उसने टीम के आत्मविश्वास और बल्लेबाजी की गहराई को भी दिखा दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
